तीर्थ यात्रा के लिए उमड़ा बुजुर्गों का सैलाब, 1.92 लाख वरिष्ठ नागरिकों ने कराया पंजीकरण

1.10 लाख श्रद्धालु हवाई यात्रा से करना चाहते हैं दर्शन, देवस्थान विभाग की योजना को मिला अभूतपूर्व प्रतिसाद

जयपुर। राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के प्रति प्रदेश के बुजुर्गों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। देवस्थान विभाग द्वारा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामने आए आंकड़ों ने योजना की लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि इस वर्ष कुल 1,14,579 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके माध्यम से 1,92,313 वरिष्ठ नागरिकों ने तीर्थ यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है।

सबसे खास बात यह है कि 1,10,413 वरिष्ठ नागरिकों ने हवाई जहाज से तीर्थ दर्शन करने की इच्छा जताई है। प्रदेश के सभी 41 जिलों से आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदन संख्या के मामले में जयपुर जिला 13,063 आवेदनों के साथ सबसे आगे रहा, जबकि फलौदी जिले से सबसे कम 559 आवेदन प्राप्त हुए।

योजना के तहत देवस्थान विभाग 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को वातानुकूलित ट्रेनों से देश के 15 प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाएगा। इनमें द्वारकापुरी, सोमनाथ, अयोध्या, वाराणसी, हरिद्वार, कामाख्या, गंगासागर, जगन्नाथपुरी, रामेश्वरम, वैष्णो देवी, महाकालेश्वर, तिरुपति, पटना साहिब, नांदेड़ तथा गोवा के प्रमुख मंदिर एवं चर्च शामिल हैं।

वहीं 6 हजार वरिष्ठ नागरिकों को हवाई मार्ग से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। देवस्थान मंत्री ने बताया कि निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन आने के कारण यात्रियों का चयन कंप्यूटरीकृत लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। इसके साथ प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी। चयनित यात्रियों को यात्रा के दौरान आवास, भोजन, स्थानीय परिवहन और चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

#NewsExpressRajasthan #RajasthanTourism #SeniorCitizenYatra #PilgrimageJourney #SpiritualTravel #PashupatinathYatra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!