ऑपरेशन प्रवर्तन का बड़ा वार : जयपुर में गैस माफियाओं पर शिकंजा, 78 सिलेंडर और अवैध उपकरण जब्त

कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पांच आरोपियों पर एफआईआर की तैयारी

जयपुर। घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए जयपुर जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रवर्तन के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई। जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशन तथा जिला रसद अधिकारी प्रथम जयपुर प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में गठित चार सतर्कता दलों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर और अवैध उपकरण जब्त किए।

कार्रवाई के दौरान सतर्कता दल ए ने पुलिस थाना खोनागोरियान के सहयोग से मच की पीपली और गोनेर रोड क्षेत्र में अवैध भंडारण एवं गैस के अवैध क्रय-विक्रय का खुलासा करते हुए 19 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। वहीं इंदिरा गांधी नगर और खातीपुरा क्षेत्र में अवैध रिफिलिंग पाए जाने पर 8 गैस सिलेंडर, 2 इलेक्ट्रॉनिक मोटर और 2 इलेक्ट्रॉनिक कांटे जब्त किए गए।

सतर्कता दल बी ने बजरंग विहार, गोनेर रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 27 घरेलू गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रॉनिक मोटर, कांटे और अवैध रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए। इसी तरह सतर्कता दल सी ने राजीव नगर स्थित एक दुकान पर छापा मारकर 19 गैस सिलेंडर और 2 इलेक्ट्रॉनिक मोटर जब्त कीं। सतर्कता दल “डी” ने ज्योति गैस होम सर्विस क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 5 गैस सिलेंडर और अन्य उपकरण जब्त किए।

पूरे अभियान में कुल 78 गैस सिलेंडर, 7 इलेक्ट्रॉनिक मोटर, 4 इलेक्ट्रॉनिक कांटे, 2 रेगुलेटर सहित पाइप तथा 2 अवैध रिफिलिंग उपकरण जब्त किए गए। मामले में संलिप्त 5 व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। जिला रसद अधिकारी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

#NewsExpressRajasthan #JaipurNews #OperationPravartan #GasBlackMarketing #RajasthanNews #CrimeControl

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!