राजस्थान पुलिस का वज्रप्रहार: ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई

एक दिन में 7,721 वाहनों पर गिरी गाज, विशेष अभियान में ब्लैक फिल्म, अवैध हूटर और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाले वाहन बने निशाना

जयपुर। राजस्थान में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष प्रवर्तन अभियान पूरे जोर-शोर से जारी है। राज्यभर में 1 जून से 30 जून तक चल रहे इस अभियान के तहत नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर तथा महानिदेशक पुलिस प्रशिक्षण एवं यातायात अनिल पालीवाल एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा के पर्यवेक्षण में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य सड़क परिवहन को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना है।

अभियान के तहत वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन, बिना अनुमति लाल-नीली बत्ती, हूटर, प्रेशर हॉर्न, ब्लैक फिल्म, अनधिकृत शब्द एवं चिन्ह तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वालों के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।

14 जून को अकेले राज्यभर में 7,721 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इनमें 726 वाहन अवैध संरचनात्मक परिवर्तन वाले, 674 वाहन अनधिकृत लाल-नीली बत्ती और हूटर वाले, 438 वाहन प्रेशर हॉर्न वाले, 2,853 वाहन ब्लैक फिल्म लगे हुए, 1,041 वाहन अनधिकृत शब्द एवं चिन्ह प्रदर्शित करने वाले तथा 1,989 वाहन नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाले पाए गए।

कार्रवाई के मामले में कोटा शहर प्रदेश में सबसे आगे रहा, जहां 406 मामलों में चालान और कार्रवाई की गई। इसके बाद अलवर (388), जयपुर पश्चिम (378), जयपुर ग्रामीण (338) और जयपुर यातायात (303) प्रमुख रहे। चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा में भी उल्लेखनीय कार्रवाई दर्ज की गई।

डीजे ट्रैफिक अनिल पालीवाल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहनों में किसी भी प्रकार के अवैध संशोधन से बचने की अपील की।

#NewsExpressRajasthan#RoadSafety #TrafficRules #RajasthanPolice #TrafficEnforcement #SafeDrivingIndia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!