चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता और हैदराबाद के प्रमुख पर्यटन आयोजनों में दिखेंगी राजस्थान की विरासत, वन्यजीव, ग्रामीण पर्यटन और निवेश की संभावनाएं
जयपुर। राजस्थान पर्यटन विभाग ने राज्य की पर्यटन ब्रांडिंग को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए देश के प्रमुख ट्रैवल मार्ट्स में व्यापक प्रचार अभियान शुरू किया है। कोलकाता में आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर की सफलता के बाद अब विभाग चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता (एबीपी टूरिस्ट स्पॉट) और हैदराबाद में आयोजित प्रतिष्ठित पर्यटन आयोजनों में ‘पधारो म्हारे देश’ की थीम के साथ राजस्थान की विविध पर्यटन संभावनाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन करेगा।
पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ ने बताया कि इन आयोजनों का उद्देश्य राजस्थान को केवल विरासत पर्यटन तक सीमित न रखकर धार्मिक, वन्यजीव, ग्रामीण, वेलनेस, एडवेंचर, होमस्टे और फिल्म पर्यटन जैसे नए आयामों के साथ देश के सबसे आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि ट्रैवल मार्ट पर्यटन उद्योग के लिए नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने के साथ टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंसियों, होटल उद्योग, एयरलाइंस और निवेशकों को एक मंच पर जोड़ते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक आयोजन में राजस्थान पवेलियन आधुनिक डिजिटल प्रस्तुतीकरण, आकर्षक प्रचार सामग्री और बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) बैठकों का प्रमुख केंद्र रहेगा। यहां राज्य की नई पर्यटन नीतियों, निवेश के अवसरों और पर्यटन उत्पादों की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। रियाड़ ने कहा कि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के विजन के अनुरूप विभाग स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प, ग्रामीण अनुभवों और नए पर्यटन सर्किटों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रहा है।
#NewsExpressRajasthan #PadharoMhareDesh #RajasthanTourism #IncredibleRajasthan #TravelIndia #ExploreRajasthan
