विदेश मंत्रालय और राजस्थान सरकार की संयुक्त कॉन्फ्रेंस में सुरक्षित एवं वैध प्रवासन, पासपोर्ट सेवाओं, कौशल विकास, निवेश और प्रवासी राजस्थानियों के कल्याण पर बनी कार्ययोजना
जयपुर। विदेश मंत्रालय और राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में आयोजित ‘विदेश संपर्क–स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस’ में सुरक्षित एवं वैध तरीके से विदेश जाने, फर्जी एजेंटों से बचाव और प्रवासी भारतीयों के कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक मंथन हुआ। सम्मेलन का मुख्य संदेश रहा राजस्थानी विदेश सुरक्षित जाएं, प्रशिक्षित जाएं।
उद्घाटन सत्र में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विदेश जाने की प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक सरल हुई है। पासपोर्ट जारी करने और पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया तेज होने से युवाओं को बड़ी सुविधा मिल रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि 10 दिसंबर को इस वर्ष भी प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन होगा, जिसमें देश-विदेश के प्रवासी राजस्थानियों को निवेश, नवाचार और सांस्कृतिक जुड़ाव के लिए एक मंच मिलेगा।
विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन ने कहा कि लोगों को वैध माध्यमों से विदेश भेजने और फर्जी एजेंटों के जाल से बचाने के लिए जागरूकता अभियान गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। वहीं, पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने भरोसा दिलाया कि विदेश में किसी भी संकट की स्थिति में प्रवासी राजस्थानियों की सहायता के लिए राजस्थान पुलिस सदैव तत्पर रहेगी।

सम्मेलन के दो विषयगत सत्रों में प्रवासी भारतीयों के संरक्षण, पासपोर्ट सेवाओं, विदेशों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सहायता, सुरक्षित एवं वैध प्रवासन, कौशल विकास, विदेशी रोजगार, निवेश और पर्यटन संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने ई-माइग्रेट पोर्टल, भर्ती एजेंसियों के पंजीकरण, फर्जी एजेंटों पर कार्रवाई और प्रवासी कल्याण योजनाओं की जानकारी साझा की।
सम्मेलन में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, 20 अधिकृत भर्ती एजेंसियों, 16 जिलों के अधिकारियों तथा राजस्थान फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सुरक्षित प्रवासन को मजबूत बनाने की दिशा में साझा रणनीति पर सहमति जताई।
#NewsExpressRajasthan #SafeMigration #StudyAbroad #OverseasJobs #RajasthanFoundation #GlobalRajasthan
