भाटपुरा के जंगल में मिला घायल तेंदुआ, पोस्टमार्टम में आपसी संघर्ष से मौत की आशंका; नियमानुसार किया अंतिम संस्कार
जयपुर। फलौदी रेंज के ग्राम भाटपुरा के वनक्षेत्र में सोमवार सुबह एक तेंदुआ घायल अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तेंदुए का रेस्क्यू कर उसे नाका राजबाग, सवाई माधोपुर स्थित वन्यजीव चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि, यहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान तेंदुए को मृत घोषित कर दिया गया।
वन्यजीव चिकित्सालय में पशु चिकित्सक डॉ. सीपी मीणा ने तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके बाद राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार मेडिकल बोर्ड ने अंतरविभागीय टीम की मौजूदगी में तेंदुए का पोस्टमार्टम किया।
पोस्टमार्टम और शारीरिक परीक्षण के दौरान तेंदुए के शरीर पर चोटों के निशान और अन्य लक्षण मिले। इनके आधार पर प्रथम दृष्टया आशंका जताई गई कि तेंदुए की मौत किसी अन्य तेंदुए अथवा बाघ के साथ क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर हुए संघर्ष (Territorial Fight) के कारण हुई है।
हालांकि, मौत के कारणों को लेकर पोस्टमार्टम के दौरान मिले संकेतों के आधार पर ही यह प्रारंभिक संभावना सामने आई है।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद वन विभाग की ओर से नियमानुसार मृत तेंदुए का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
#NewsExpressRajasthan #Leopard #WildlifeNews #RajasthanWildlife #WildlifeConservation #Nature
