विद्या लाल एवं समूह ने जयपुर घराने के कथक और राजस्थानी लोक संस्कृति के संगम से दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

जयपुर। राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, शास्त्रीय नृत्य परंपराओं और रचनात्मक अभिव्यक्ति को मंच देने के उद्देश्य से जयपुर डांस कॉन्क्लेव (जेडीसी) के दूसरे संस्करण का शुक्रवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय कॉन्क्लेव की शुरुआत प्रख्यात कथक नृत्यांगना विद्या लाल एवं समूह की शानदार प्रस्तुति से हुई। जयपुर घराने के कथक और राजस्थान की लोक संस्कृति के अनूठे संगम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कलाकारों ने खूबसूरत मुद्राओं, शानदार पद संचालन, लय और ताल के तालमेल से मंच पर सांस्कृतिक रंग बिखेरे। प्रस्तुति में ‘केसरिया बालम पधारो म्हारे देस’ सहित मां अम्बा के विभिन्न स्वरूपों और मीरा बाई की रचना को कथक के पारंपरिक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। समूह नृत्य में राजस्थानी लोक संगीत और कथक की शास्त्रीय शैली का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

इस अवसर पर प्रख्यात नृत्यांगना रमा वैद्यनाथन ने कहा कि जयपुर डांस कॉन्क्लेव केवल नृत्य उत्सव नहीं, बल्कि कला को गहराई से समझने और अनुभव करने का मंच है। नृत्य भावों और विचारों की अभिव्यक्ति का माध्यम है तथा इसमें बदलाव लाने की अद्भुत शक्ति है।विद्या लाल जयपुर घराने की प्रख्यात कथक नृत्यांगना हैं और केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी के उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित हैं।

कॉन्क्लेव में 21 और 22 नवंबर को देशभर के प्रतिष्ठित कलाकारों की नृत्य प्रस्तुतियों के साथ वर्कशॉप, मास्टरक्लास, लेक्चर-डेमोंस्ट्रेशन, पैनल चर्चा और संवाद सत्र आयोजित होंगे। अंतिम दिन देवदत्त पटनायक का ‘व्हाई डज़ शिवा डांस?’ सत्र, तेरहताली लोकनृत्य, भील नृत्य, छऊ-चोलम और रमा वैद्यनाथन की भरतनाट्यम प्रस्तुति प्रमुख आकर्षण रहेंगी।

#NewsExpressRajasthan #JaipurDanceConclave #KathakDance #IndianClassicalDance #RajasthanCulture #DanceFestival

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!