पुष्कर मेले में इस बार विदेशी पर्यटक खेलेंगे गिल्ली-डंडा और कबड्डी, 17 नवंबर से होगा आगाज

24 नवंबर तक चलेगा आठ दिवसीय मेला, शिल्पग्राम में सजेगा फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल; ऊंट-घोड़ा नृत्य, लोक संगीत और महाआरती भी होंगे खास आकर्षण

जयपुर। धार्मिक आस्था, राजस्थानी लोक संस्कृति और ग्रामीण जीवन के रंगों से सराबोर विश्वप्रसिद्ध पुष्कर मेले का आगाज 17 नवंबर से होगा। आठ दिवसीय यह मेला 24 नवंबर तक चलेगा। इस बार मेले में परंपरागत आयोजनों के साथ पर्यटकों के लिए कई नए अनुभव भी शामिल किए गए हैं। खास बात यह है कि विदेशी पर्यटक भी स्थानीय लोगों के साथ गिल्ली-डंडा, सतोलिया और लगड़ी टांग जैसे पारंपरिक ग्रामीण खेलों में अपना दमखम दिखाएंगे।

ग्रामीण खेलों में विदेशी पर्यटकों का दिखेगा उत्साह

पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अजय शर्मा के अनुसार मेले में ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं प्रमुख आकर्षण रहेंगी। स्थानीय प्रतिभागियों और विदेशी पर्यटकों के बीच फुटबॉल मुकाबला भी होगा। इसके अलावा रस्साकशी, कबड्डी, वॉलीबॉल और अंतर पंचायत समिति ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ऊंट दौड़, ऊंट नृत्य, घोड़ा नृत्य, साफा बांधने और मूंछ प्रतियोगिता के साथ महिलाओं की मटका दौड़ और म्यूजिकल चेयर भी उत्सवी माहौल बनाएंगे।

शिल्पग्राम में सजेगा जायके और हस्तशिल्प का बाजार

पुष्कर मेले के नोडल अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक दलीप सिंह राठौड़ के अनुसार शिल्पग्राम में 20 नवंबर को फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल का उद्घाटन होगा। 21 से 23 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में राजस्थान के पारंपरिक व्यंजनों, हस्तशिल्प और स्थानीय कला का प्रदर्शन होगा। शिल्पकारों को अपने उत्पादों की बिक्री का अवसर भी मिलेगा।

घाटों पर महाआरती, दीपदान और लोक संस्कृति की छटा

पुष्कर सरोवर के घाटों पर प्रतिदिन महाआरती, दीपदान और धार्मिक आयोजन होंगे। वहीं राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के लोक कलाकार संगीत और पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां देंगे। 17 नवंबर को उद्घाटन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे, जबकि 24 नवंबर को मेगा सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण और समापन समारोह होगा।

2025 में पहुंचे 1.32 करोड़ से अधिक घरेलू पर्यटक

पुष्कर की बढ़ती पर्यटन लोकप्रियता का अंदाजा आंकड़ों से लगाया जा सकता है। वर्ष 2023 में यहां 76.42 लाख घरेलू और 59,951 विदेशी पर्यटक पहुंचे। 2024 में घरेलू पर्यटकों की संख्या 1.24 करोड़ और विदेशी पर्यटकों की 74,726 रही। वर्ष 2025 में 1.32 करोड़ से अधिक घरेलू और 68,327 विदेशी पर्यटकों ने पुष्कर का भ्रमण किया। वहीं 2026 में अगस्त तक 70.88 लाख से अधिक घरेलू और 31,459 विदेशी पर्यटक यहां पहुंच चुके हैं।

इस बार पुष्कर मेला धार्मिक आस्था के साथ ग्रामीण खेलों, खानपान, हस्तशिल्प और लोक संस्कृति के अनूठे संगम के रूप में देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए तैयार है।

#NewsExpressRajasthan #PushkarFair2026 #PushkarMela #RajasthanTourism #IncredibleIndia #CulturalTourism

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!