जयपुर में कार्यशाला आयोजित, DCF ने बांटी स्नेक रेस्क्यू किट; विशेषज्ञों ने सर्पदंश प्रबंधन और सुरक्षित रेस्क्यू की तकनीकें सिखाईं
जयपुर। विश्व सर्प दिवस के अवसर पर होप एंड बियॉन्ड ट्रस्ट एवं उप वन संरक्षक (DCF) जयपुर, राजस्थान वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को एक दिवसीय सर्प रेस्क्यू एवं सर्पदंश प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जयपुर वन मंडल की विभिन्न वन रेंजों से आए वन अधिकारियों एवं वनकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को राजस्थान में पाए जाने वाले विषैले एवं गैर-विषैले सर्पों की पहचान, उनके व्यवहार, सुरक्षित रेस्क्यू तकनीकों तथा सर्पदंश की स्थिति में प्राथमिक उपचार एवं प्रभावी प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मानव-सर्प संघर्ष को कम करने, सर्पों के संरक्षण तथा वन्यजीवों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
होप एंड बियॉन्ड के डॉ. जॉय गार्डनर ने वैज्ञानिक एवं सुरक्षित स्नेक रेस्क्यू तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर वनकर्मियों को वास्तविक परिस्थितियों में बेहतर ढंग से कार्य करने के गुर सिखाए। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. गार्डनर और उप वन संरक्षक वी. केतन कुमार ने प्रतिभागियों को स्नेक रेस्क्यू किट वितरित की, जिससे भविष्य में रेस्क्यू अभियान अधिक सुरक्षित, प्रभावी और मानवीय तरीके से संचालित किए जा सकेंगे।

वक्ताओं ने कहा कि विश्व सर्प दिवस का उद्देश्य सर्पों के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना, उनके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वैज्ञानिक जानकारी और समय पर उपचार के माध्यम से सर्पदंश से होने वाली जनहानि को कम करना है।
होप एंड बियॉन्ड ट्रस्ट ने आमजन से अपील की कि घर, खेत या अन्य स्थान पर साँप दिखाई देने पर उसे नुकसान न पहुंचाएं, बल्कि सुरक्षित रेस्क्यू के लिए होप एंड बियॉन्ड स्नेक रेस्क्यू हेल्पलाइन 8239939929 पर संपर्क करें। प्रशिक्षित टीम सर्प का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ देगी।
#NewsExpressRajasthan #WorldSnakeDay #SnakeRescue #WildlifeConservation #SnakeAwareness #ForestDepartment #SaveSnakes #SnakeBiteAwareness #Jaipur #Rajasthan #NatureConservation
