राजस्थान की सड़कों पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 13 दिन में 1.10 लाख वाहनों पर कार्रवाई

ब्लैक फिल्म, हूटर और फर्जी नंबर प्लेट वालों पर चला कानूनी हंटर, जयपुर पश्चिम सबसे आगे

जयपुर। राजस्थान में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और अनुशासित बनाने के लिए चलाया जा रहा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूरे प्रदेश में चल रहे इस महा-अभियान के तहत मात्र 13 दिनों में 1 लाख 10 हजार से अधिक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, अवैध मॉडिफिकेशन, लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर और प्रेशर हॉर्न लगाने वाले वाहन चालकों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा गया।

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश और महानिदेशक पुलिस यातायात अनिल पालीवाल और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा के नेतृत्व में प्रदेशभर में पुलिस और यातायात टीमें लगातार नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही हैं। कार्रवाई की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई नियम तोड़ने वाले चालक पुलिस चेकिंग से बचने के लिए वैकल्पिक रास्ते और शॉर्टकट तलाशते नजर आए।

ब्लैक फिल्म वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
4 जून से 16 जून तक चले अभियान में सबसे अधिक 41,982 मामलों में वाहनों की ब्लैक फिल्म हटाई गई। इसके अलावा 28,462 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 15,156 अनाधिकृत शब्द और चिन्ह, 10,606 अवैध वाहन मॉडिफिकेशन, 8,066 हूटर और फ्लैशर तथा 5,934 प्रेशर हॉर्न के मामलों में कार्रवाई की गई।

एक दिन में 7,328 चालान
16 जून को अकेले प्रदेशभर में 7,328 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई। जिला स्तर पर जयपुर पश्चिम 487 मामलों के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि जयपुर ग्रामीण, जयपुर ट्रैफिक, चित्तौड़गढ़ और धौलपुर भी कार्रवाई में प्रमुख रहे। महानिदेशक पुलिस यातायात अनिल पालीवाल ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

#NewsExpressRajasthan #RajasthanPolice #TrafficRules #RoadSafety #JaipurPolice #TrafficEnforcement #RoadSafetyFirst #TrafficChallan #SafeDriving #JaipurNews #RajasthanNews #TrafficAwareness #DriveSafe #PoliceAction #RoadDiscipline #IndiaTraffic #BreakingNews #TrafficUpdate

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!