कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धालु महिलाओं की भीड़, नौ दिनों तक रोज बदलेगा गणेशजी का दरबार; 9 सितंबर को सजेगी विशाल मोदक झांकी
जयपुर। मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में सोमवार को कलश यात्रा और जलाभिषेक के साथ नौ दिवसीय गणेश चतुर्थी उत्सव का शुभारंभ हुआ। सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर मंगल गीत गाती हुई मंदिर पहुंचीं। कलश में लाए गए जल से मंदिर महंत कैलाश शर्मा के सान्निध्य में प्रथम पूज्य भगवान गणेशजी का जलाभिषेक किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान के दर्शन किए। उत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान गणेशजी के दरबार को अलग-अलग स्वरूप में सजाया जाएगा।
348 किलो पंचामृत से होगा अभिषेक
8 सितंबर को पुष्य नक्षत्र के अवसर पर भगवान गणेशजी का 348 किलो पंचामृत से विशेष अभिषेक किया जाएगा। पंचामृत में 251 किलो दूध, 50 किलो दही, 25 किलो बूरा, 11 किलो शहद और 11 किलो घी शामिल होगा। इसी दिन मंदिर में केले की विशेष झांकी और भगवान के छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। शाम 6 बजे ध्रुपद गायन की प्रस्तुति होगी।

9 सितंबर को सजेगी विशाल मोदक झांकी
गणेशोत्सव के तीसरे दिन 9 सितंबर को मोदकों की भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसमें 251-251 किलो के दो विशाल मोदक, 51-51 किलो के पांच और 21-21 किलो के 21 मोदक सजाए जाएंगे। इसके अलावा 1.25 किलो के 1100 मोदक और हजारों छोटे मोदक भी झांकी में शामिल होंगे।
मोदक तैयार करने में करीब 3 हजार किलो घी, 3 हजार किलो बेसन, 9 हजार किलो शक्कर और 1000 किलो सूखे मेवों का इस्तेमाल किया जाएगा। श्रद्धालु सुबह 5 बजे से मोदक झांकी के दर्शन कर सकेंगे।
बाहर से लाया प्रसाद नहीं चढ़ेगा
9 सितंबर को मंदिर में बाहर से लाया गया प्रसाद नहीं चढ़ाया जाएगा। भगवान गणेशजी को 21, 108 और 1008 मोदक अर्पित किए जाएंगे। शाम 6 बजे सुगम संगीत और कथक की प्रस्तुति होगी, जबकि शाम 7 बजे श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क प्रसाद वितरण किया जाएगा। मंदिर में गणेशोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
#NewsExpressRajasthan #GaneshChaturthi #GaneshUtsav #GanpatiBappaMorya #Jaipur #GaneshFestival
