‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ के संदेश के साथ जयपुर पहुंची राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली

आमेर महल में किया रैली का स्वागत, गुरुवार सुबह 10 बजे अल्बर्ट हॉल से डीजीपी दिखाएंगे हरी झंडी

जयपुर। नशे के खिलाफ जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली बुधवार शाम ऐतिहासिक आमेर महल पहुंची। यहां राजस्थान पुलिस बैंड की स्वरलहरियों के बीच राइडर्स का पुष्पवृष्टि और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। उप महानिरीक्षक पुलिस श्वेता धनकड़ ने राइडर्स का अभिनंदन करते हुए गुलाबी नगरी में उनका स्वागत किया। रैली में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, विभिन्न केंद्रीय पुलिस संगठनों और राज्य पुलिस के करीब 250 राइडर्स शामिल हैं।

अल्बर्ट हॉल से अजमेर के लिए होगी रवानगी

रैली के अगले चरण को गुरुवार सुबह 10 बजे रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल से राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रैली जयपुर से अजमेर की ओर बढ़ेगी। इसके लिए यातायात पुलिस ने विशेष रूट चार्ट तैयार किया है। राइडर्स तीन स्थानों—चतुर्थ बटालियन आरएसी, पांचवीं बटालियन आरएसी और राजस्थान पुलिस अकादमी—से पायलट वाहनों के साथ अल्बर्ट हॉल पहुंचेंगे।

तीन प्रमुख मार्गों से पहुंचेगी रैली

चतुर्थ बटालियन आरएसी से रैली रामगढ़ रोड, गलता गेट, दिल्ली रोड, घाटगेट और सांगानेरी गेट होते हुए अल्बर्ट हॉल पहुंचेगी। पांचवीं बटालियन आरएसी का दल दिल्ली रोड, टीपी नगर, घाटगेट और सांगानेरी गेट से आएगा। वहीं राजस्थान पुलिस अकादमी से रवाना होने वाला दल पानीपेच, चिंकारा तिराहा, कलेक्ट्री सर्किल, एमआई रोड और यादगार तिराहे से होकर पहुंचेगा।

हरी झंडी मिलने के बाद रैली त्रिमूर्ति सर्किल, जेएलएन मार्ग के रामबाग चौराहे, अंबेडकर सर्किल और भारत जोड़ो सेतु एलिवेटेड रोड से होते हुए अजमेर रोड की ओर बढ़ेगी। मार्ग में श्याम नगर सब्जी मंडी, पुरानी चुंगी, निर्माण नगर, 200 फुट चौराहा, भांकरोटा और बगरू शामिल हैं।

युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से करेंगे जागरूक

‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर निकाली जा रही यह रैली सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड से जुड़ी है। रैली का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।

राजस्थान में रैली कोटपूतली-बहरोड़ के रास्ते प्रवेश कर जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर होते हुए गुजरात की ओर बढ़ेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 अक्टूबर को अजमेर, 23 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़ होते हुए उदयपुर और 24 अक्टूबर को उदयपुर से गांधीनगर की ओर प्रस्थान करेगी। विद्यार्थियों, एनसीसी-एनएसएस सदस्यों, एनजीओ और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारियों की भागीदारी से विभिन्न पड़ावों पर जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे। सुरक्षा, यातायात, एस्कॉर्ट, पार्किंग और आपातकालीन सहायता के लिए राजस्थान पुलिस ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं।

#NewsExpressRajasthan #FightAgainstDrugs #SayNoToDrugs #NationalUnity #RajasthanPolice#Jaipur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!