बिछड़े बेटे से मिलाया तो लौटाया खोया पर्स, ट्रेन छूटने पर मुंबई के पर्यटकों की भी की मदद, हैदराबाद, मुंबई और राजस्थान के सैलानियों ने वीडियो संदेश जारी कर जताया आभार
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में पर्यटन सहायता बल (टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स) देशी-विदेशी पर्यटकों की मददगार बनकर उभर रहा है। पर्यटकों की सुरक्षा के साथ उनकी परेशानियों को दूर कर पर्यटन पुलिस मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश कर रही है। हाल ही में तीन अलग-अलग मामलों में पर्यटन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पर्यटकों की मदद की। इससे खुश होकर पर्यटकों ने वीडियो संदेश जारी कर राजस्थान पुलिस का आभार जताया।
आमेर में बिछड़े बेटे को पिता से मिलाया
हैदराबाद से जयपुर घूमने आए अहमद नदीमुद्दीन का बेटा आमेर महल में घूमने के दौरान भीड़ में बिछड़ गया। इसकी सूचना मिलते ही पर्यटन सहायता बल की महिला पुलिसकर्मियों ने बच्चे की तलाश शुरू की। तत्परता से कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल ढूंढ निकाला और पिता से मिलवा दिया। बेटे के मिलने पर भावुक पिता ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें बहुत अच्छी सेवा मिली और वे बेहद खुश हैं।
ट्रेन छूटी तो मुंबई के पर्यटकों को दिया सहारा
मुंबई से जयपुर आए कुछ पर्यटकों की ट्रेन छूट गई थी। अगली यात्रा के लिए उन्हें ट्रेन में जगह नहीं मिल रही थी। ऐसे में पर्यटन पुलिस की कार्मिक रीतू और टीम ने उनकी मदद की। आगे की यात्रा के लिए जरूरी संपर्क और टिकट की व्यवस्था में सहयोग किया। पर्यटकों ने कहा कि स्थानीय जानकारी नहीं होने के कारण वे परेशान थे, लेकिन पुलिस के सहयोग से उन्हें काफी राहत मिली।
जंतर-मंतर पर खोया पर्स तलाशकर लौटाया
22 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे जंतर-मंतर के टिकट काउंटर के पास एक पर्यटक का पर्स खो गया। पर्यटन पुलिसकर्मियों ने पर्स तलाश कर पर्यटक को वापस सौंप दिया। पर्स मिलने पर पर्यटक ने राजस्थान पुलिस की कार्यशैली की सराहना की और ऐसे कर्मियों को सम्मानित करने की अपेक्षा जताई।
पर्यटकों की सहायता के लिए तत्पर पर्यटन पुलिस
राजस्थान पुलिस का पर्यटन सहायता बल पर्यटकों को सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव देने के लिए लगातार प्रयासरत है। पर्यटकों की परेशानी दूर करना और उनका विश्वास जीतना टीम की प्राथमिकता है।
पर्यटन पुलिस स्टेशन, जयपुर के संपर्क नंबर
दूरभाष: 0141-2600336, सीयूजी नंबर: 8764868070, कंट्रोल रूम: 0141-2388438, 0141-2388430
#NewsExpressRajasthan #JaipurTourism #RajasthanPolice #TouristAssistance #IncredibleIndia #TravelIndia
