हरमनप्रीत कौर ने किया मोम से बने अपने स्टैच्यू का अनावरण

आरआईसी में खुद हरमनप्रीत ने हटाया प्रतिमा से पर्दा, अब नाहरगढ़ के हिस्टोरिका म्यूजियम में सजेगी; दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बनीं, जिनका बना है वैक्स स्टैच्यू

जयपुर। भारतीय महिला क्रिकेट की ऐतिहासिक उपलब्धि अब जयपुर के नाहरगढ़ किले में भी नजर आएगी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान और 2025 में देश को पहला महिला वनडे विश्व कप दिलाने वाली हरमनप्रीत कौर का वैक्स स्टैच्यू शुक्रवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में अनावृत किया गया। खास बात यह रही कि हरमनप्रीत ने खुद अपने हाथों से प्रतिमा से पर्दा हटाया। वह दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर हैं, जिनका वैक्स स्टैच्यू तैयार किया गया है। अब इसे नाहरगढ़ स्थित हिस्टोरिका-स्टेप इनटू हिस्ट्री म्यूजियम में स्थायी रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।

इस मौके पर जयपुर के नन्हे और युवा क्रिकेट खिलाड़ियों ने बल्ले उठाकर हरमनप्रीत को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। यह सम्मान देखकर वह भावुक हो गईं। उन्होंने बच्चों से मुलाकात की, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और मेहनत के साथ अपने सपनों को पूरा करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उनके जीवन पर आधारित एक विशेष फिल्म भी दिखाई गई, जिसमें मोगा से भारतीय टीम की कप्तानी और विश्व कप जीत तक के संघर्षपूर्ण सफर को दर्शाया गया।

हिस्टोरिका के फाउंडर अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतिमा को वास्तविक रूप देने के लिए टीम ने हरमनप्रीत के विस्तृत माप, फोटो और वीडियो लिए थे। उन्होंने कहा कि उद्देश्य वैक्स स्टैच्यू के जरिए युवाओं, खासकर लड़कियों को खेलों के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में राजस्थान की वीरता और शौर्य का प्रतीक विशालकाय सैनिक स्टैच्यू भी लॉन्च किया गया। हिस्टोरिका में पहले से सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी और विराट कोहली के स्टैच्यू मौजूद हैं। अब धोनी और हरमनप्रीत के रूप में पुरुष एवं महिला विश्व कप विजेता कप्तानों की प्रतिमाएं एक साथ नजर आएंगी। म्यूजियम में 48 से अधिक हस्तियों के स्टैच्यू और 25 लाख से ज्यादा कांच के टुकड़ों से बना शीशमहल भी प्रमुख आकर्षण हैं।

#NewsExpressRajasthan #HarmanpreetKaur #IndianWomensCricket #WomenInSports #JaipurTourism #WaxMuseum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!