18 से 20 दिसंबर तक जयगढ़ किले में सजेगा संस्कृति, संगीत, शिल्प और विरासत का भव्य संगम
जयपुर। राजस्थान की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक मंच पर नई पहचान देने वाला ‘वेदांता प्रस्तुत जयगढ़ हेरिटेज फेस्टिवल’ अपने तीसरे संस्करण के साथ 18 से 20 दिसंबर 2026 तक जयगढ़ किले में आयोजित होगा। टीमवर्क आर्ट्स और पद्मनाभ सिंह के सहयोग से आयोजित यह प्रतिष्ठित उत्सव एक बार फिर संगीत, शिल्पकला, संवाद, स्टोरीटैलिंग और विरासत अनुभवों का अनूठा संगम लेकर आएगा।
आमेर फोर्ट और मावठा लेक के ऊपर ‘चील का टीला’ पर स्थित ऐतिहासिक जयगढ़ किला इस तीन दिवसीय आयोजन का साक्षी बनेगा। फेस्टिवल का उद्देश्य भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक एवं शास्त्रीय संगीत परंपराओं, वास्तुकला और जीवंत इतिहास को नई पीढ़ी से जोड़ना है। विशेष बात यह है कि वर्ष 2027 में जयपुर अपनी स्थापना के 300 वर्ष पूरे करने जा रहा है। ऐसे में जयगढ़ हेरिटेज फेस्टिवल 2026 को त्रिशताब्दी समारोह की औपचारिक शुरुआत माना जा रहा है।
पद्मनाभ सिंह ने कहा कि यह फेस्टिवल उन परंपराओं, कहानियों और कलात्मक विरासतों का उत्सव है, जिन्होंने सदियों से जयपुर की पहचान को आकार दिया है। वहीं टीमवर्क आर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर संजॉय के. रॉय ने कहा कि विरासत केवल अतीत को सहेजने का माध्यम नहीं, बल्कि उसे आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवंत बनाए रखने का भी प्रयास है।
#NewsExpressRajasthan #JaigarhHeritageFestival#JaigarhFestival2026 #Jaipur300Years #JaipurTricentennial #HeritageFestival #CulturalCelebration #IncredibleIndia #RajasthanTourism #JaigarhFort #JaipurHeritage #IndianCulture #MusicAndHeritage #ArtAndCulture #TeamworkArts
