जयपुर में ट्रैफिक और जनसंचार होगा हाईटेक, 24 स्थानों पर शुरू होगा आईपी-आधारित पब्लिक एड्रेस सिस्टम

अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से होगा केंद्रीकृत संचालन, रीयल-टाइम में मिलेंगी ट्रैफिक, आपदा और जनहित की महत्वपूर्ण सूचनाएं

जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने शहर की यातायात व्यवस्था और जनसंचार प्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जेडीए शहर के 24 प्रमुख स्थानों पर आईपी-आधारित पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित कर रहा है, जिससे आमजन तक रीयल-टाइम में महत्वपूर्ण सूचनाएं पहुंचाई जा सकेंगी।

जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि पहले चरण में त्रिमूर्ति सर्किल, रामबाग चौराहा, जगतपुरा 7 नंबर बस स्टैंड, सोफिया स्कूल घाटगेट, श्री पिंजरापोल गौशाला, जवाहर सर्किल (जेएलएन मार्ग), एसएमएस मेडिकल कॉलेज के सामने तथा नगर निगम परिसर सहित 8 स्थानों पर यह प्रणाली शुरू कर दी गई है। शेष स्थानों पर भी जल्द ही यह सुविधा उपलब्ध होगी।

पूरी प्रणाली का संचालन अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से केंद्रीकृत रूप से किया जाएगा। इसके माध्यम से ट्रैफिक जाम, मार्ग परिवर्तन, दुर्घटनाओं, आपातकालीन परिस्थितियों और अन्य यातायात संबंधी सूचनाएं तुरंत प्रसारित की जा सकेंगी। साथ ही सड़क सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, जनकल्याणकारी योजनाओं और जनजागरूकता से जुड़े संदेश भी इसी माध्यम से प्रसारित होंगे।

जेडीए का मानना है कि यह पहल स्मार्ट सिटी अवसंरचना के प्रभावी उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे नागरिकों को समय पर विश्वसनीय जानकारी मिलेगी, सार्वजनिक सुरक्षा मजबूत होगी और जयपुर में एकीकृत डिजिटल संचार व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

#NewsExpressRajasthan#SmartJaipur #TrafficManagement #DigitalIndia #SmartCity #PublicSafety

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!