ओजस देवतले की अगुवाई में रॉयल्स ने दबाव भरे मुकाबले में 5-3 से दर्ज की जीत
जयपुर। आर्चरी प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन में डिफेंडिंग चैंपियन राजपूताना रॉयल्स ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। बुधवार को हैदराबाद में खेले गए लीग के उद्घाटन मुकाबले में राजपूताना रॉयल्स ने पृथ्वीराज योद्धाज को रोमांचक मुकाबले में 5-3 से हराया।
कंपाउंड वर्ग के ओजस देवतले और विश्व नंबर-1 एला गिब्सन ने शुरुआत से ही शानदार निशाने लगाते हुए रॉयल्स को मजबूत शुरुआत दिलाई। वहीं टोक्यो ओलंपिक के रिकर्व चैंपियन मेटे गाजोज ने समय के दबाव के बीच अंतिम क्षणों में बेहतरीन निशाने लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। अभिषेक वर्मा की अगुवाई वाली पृथ्वीराज योद्धाज ने शुरुआती पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी की। मुकाबला अंतिम तीर तक पहुंचा, जहां मैक्सिको के माथियास ग्रांडे का 8 अंक का निशाना योद्धाज के लिए निर्णायक साबित हुआ।
पहले सेट में राजपूताना रॉयल्स ने 73-69 से जीत दर्ज की। योद्धाज के ग्रांडे ने अपने पहले ही तीर से 7 अंक हासिल किए, जिससे उनकी टीम शुरुआती दबाव में आ गई। ओजस देवतले ने पिछले सीजन की तरह इस मुकाबले में भी रॉयल्स के लिए आक्रामक शुरुआत की। एला गिब्सन ने उनका साथ दिया, जबकि भारत की अंकिता भगत ने गाजोज को मजबूत सहयोग दिया।
दूसरे सेट में अभिषेक वर्मा ने 10 अंक के निशाने के साथ शुरुआत की। दोनों टीमों के तीरंदाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते आधे सेट के बाद स्कोर 37-37 था। अंतिम तीर पर समय समाप्त होने से पहले ग्रांडे ने शानदार 10 अंक हासिल किए। रॉयल्स को सेट जीतने के लिए गाजोज के 10 अंक की जरूरत थी, लेकिन वे 9 अंक ही हासिल कर सके। इसके बाद एक तीर के स्कोर में सुधार किए जाने से योद्धाज ने सेट अपने नाम कर मुकाबले में वापसी की और स्कोर 2-2 से बराबर हो गया।
तीसरे सेट से पहले योद्धाज ने बदलाव करते हुए एंड्रिया बेसेरा को राज कौर की जगह मैदान में उतारा। दोनों टीमों के कंपाउंड तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। देवतले और वर्मा ने एक्स-रिंग में 10 अंक के साथ शुरुआत की, जिसके बाद गिब्सन और बेसेरा ने भी 10 अंक हासिल किए। अंतिम तीरों तक मुकाबला बेहद करीबी रहा। गाजोज और ग्रांडे दोनों पर समय का दबाव था, लेकिन दोनों ने समय रहते अपने तीर छोड़े। सेट बराबर करने के लिए ग्रांडे को 10 अंक चाहिए थे और उन्होंने ठीक 10 अंक हासिल कर सेट को 77-77 से बराबर कर दिया।
चौथे सेट में राजपूताना रॉयल्स ने शानदार शुरुआत करते हुए लगातार तीन 10 अंक हासिल किए और आधे सेट के बाद 39-37 की बढ़त बना ली। रॉयल्स जीत के करीब पहुंच चुका था। 16 वर्षीय गाथा आनंद राव खडके का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा, लेकिन अंतिम तीर पर उन्होंने 10 अंक हासिल कर योद्धाज को मुकाबले में वापसी और शूटऑफ की उम्मीद दी। हालांकि, गाजोज ने अंतिम तीर पर शानदार एक्स लगाया, जबकि ग्रांडे केवल 8 अंक ही हासिल कर सके। इसके साथ ही राजपूताना रॉयल्स ने 5-3 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
