नोबेल विजेता एस्थर डुफ्लो और ओल्गा टोकार्चुक समेत 30 से अधिक वक्ताओं की पहली सूची जारी
साहित्य, विज्ञान, इतिहास और कला की हस्तियां साझा करेंगी विचार; जनवरी 2027 में पांच दिन सजेगा शब्दों और संवादों का महाकुंभ
जयपुर। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (जेएलएफ) अपने ऐतिहासिक 20वें संस्करण के साथ एक बार फिर दुनिया भर की साहित्यिक और बौद्धिक हस्तियों को जयपुर में एक मंच पर लाने जा रहा है। आयोजकों ने शुक्रवार को 2027 संस्करण के लिए वक्ताओं की पहली सूची जारी की। पांच दिवसीय यह आयोजन होटल क्लार्क्स आमेर में होगा।
पहली सूची में नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री एस्थर डुफ्लो और साहित्यकार ओल्गा टोकार्चुक के साथ बुकर और पुलित्जर पुरस्कार से सम्मानित लेखकों सहित 30 से अधिक प्रमुख नाम शामिल हैं। इनमें डेम मीरा सयाल, पत्रकार लीज़ डूसे, लेखक जेम्स वुड, इसाबेला हम्माद, गणितज्ञ मार्कस डू सॉटॉय और जीवाश्म विज्ञानी स्टीव ब्रुसैट प्रमुख हैं। भारतीय हस्तियों में सुधा मूर्ति, किरण मजूमदार-शॉ, गीतांजलि श्री, अनामिका, इंदिरा जयसिंह और जस्टिस संजय किशन कौल शामिल हैं।
भारतीय भाषाओं से वैश्विक विचारों तक
फेस्टिवल में हिंदी, संस्कृत, तमिल, मलयालम, असमिया, कोंकणी, कन्नड़, मराठी और अन्य भाषाओं की साहित्यिक परंपराओं को प्रमुखता मिलेगी। राजनीति, लोकतंत्र, प्रवासन, इतिहास, पहचान, जाति और संस्कृति जैसे समकालीन विषयों पर संवाद होंगे। विज्ञान, तकनीक, खान-पान, फैशन और प्रदर्शन कलाओं से जुड़ी हस्तियां भी अपने विचार साझा करेंगी।
दो दशक की यात्रा का उत्सव
टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक संजॉय के. रॉय ने कहा कि फेस्टिवल की मूल भावना अलग-अलग विचारों को एक मंच पर लाना और नई बातचीत शुरू करना है। सह-संस्थापक नमिता गोखले ने इसे दो दशकों की साहित्यिक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। सह-निदेशक विलियम डैलरिम्पल के अनुसार, 20वां संस्करण स्थापित और उभरती प्रतिभाओं के बीच संवाद का अवसर बनेगा।
#NewsExpressRajasthan #JaipurLiteratureFestival #JLF2027 #LiteratureFestival #JaipurDiaries #RajasthanTourism
