मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने किया निरीक्षण, पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिए विकास और संरक्षण के निर्देश
जयपुर। आमेर महल में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए राज्य सरकार अब यहां सुविधाओं और संरक्षण कार्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में जुट गई है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रविवार को आमेर महल का विस्तृत निरीक्षण कर चल रहे विकास एवं संरक्षण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सचिव पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्य सचिव ने सबसे पहले आमेर की आराध्य देवी शिला माता के दर्शन किए और इसके बाद आमेर महल परिसर का भ्रमण किया। अधिकारियों ने बताया कि गत वर्ष आमेर महल में करीब 22 लाख 82 हजार पर्यटक पहुंचे, जिनमें लगभग 2 लाख 70 हजार विदेशी पर्यटक शामिल रहे। प्रतिदिन औसतन 6,270 पर्यटकों की संख्या को देखते हुए मुख्य सचिव ने पार्किंग, शौचालय और आमेर तक पहुंचने वाले रास्तों को और अधिक विकसित एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने SASCI योजना के तहत 25.5 करोड़ रुपए की लागत से चल रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। इनमें पार्किंग विकास, खेड़ी गेट से पितलिया भवन तक सड़क निर्माण, भारमल की छतरियों का संरक्षण और प्राचीन आमेर महल के विकास कार्य शामिल हैं। साथ ही 4.02 करोड़ रुपए की लागत से मानसिंह महल में चल रहे संरक्षण कार्यों की सराहना की।
मुख्य सचिव ने शीशमहल, सिंहपोल, गणेशपोल और भोजनशाला में संरक्षित भित्ति चित्रों का भी अवलोकन किया तथा इनके मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन गाइड्स को और बेहतर प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया ताकि पर्यटकों को तथ्यपूर्ण और सटीक जानकारी मिल सके। डिजिटल संग्रहालय की स्थापना को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। मुख्य सचिव की विजिट के मौके पर पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक पंकज धरेंद्र, आमेर महल अधीक्षक राकेश छोलक, पर्यटन विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर राजेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
#NewsExpressRajasthan #AmberFort #JaipurHeritage #RajasthanTourism #MuseumAndCulture #HeritageConservation #IncredibleIndia #TourismDevelopment #HistoricJaipur #DigitalMuseum #SheeshMahal
