जयपुर वैक्स म्यूजियम में अब इतिहास होगा ‘लाइव’

VR तकनीक, फिल्मों और ऑटोमेटेड शीशमहल लाइटिंग से पर्यटकों को मिलेगा नया अनुभव

जयपुर। विश्व संग्रहालय दिवस के अवसर पर नाहरगढ़ किले स्थित जयपुर वैक्स म्यूजियम ने पर्यटकों के अनुभव को और अधिक रोमांचक एवं आधुनिक बनाने की बड़ी घोषणा की है। अब यह म्यूजियम केवल वैक्स प्रतिमाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वर्चुअल रियलिटी (VR), फिल्मों और लाइव सेट्स के जरिए इतिहास और वीर गाथाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा।

म्यूजियम के फाउंडर डायरेक्टर अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि आज के पर्यटक केवल प्रतिमाएं देखना नहीं चाहते, बल्कि उन्हें महसूस करना चाहते हैं। इसी सोच के तहत जयपुर वैक्स म्यूजियम को अत्याधुनिक तकनीक से अपग्रेड किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल राजस्थान सरकार और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के विजन के अनुरूप है।

हाड़ी रानी की वीरता अब बड़े पर्दे पर
नई पहल की शुरुआत हाड़ी रानी की वैक्स प्रतिमा से होगी। इसके लिए विशेष 10 मिनट की फिल्म तैयार की जा रही है, जिसे 22 सीटों वाले थिएटर में दिखाया जाएगा। पर्यटक यहां हाड़ी रानी की प्रतिमा देखने के साथ-साथ उनके त्याग, प्रेम, समर्पण और देशभक्ति की कहानी को भी महसूस कर सकेंगे। फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन कार्य मुंबई में तेजी से चल रहा है।

नाहरगढ़ किले की कहानी भी होगी जीवंत
म्यूजियम नाहरगढ़ किले के इतिहास पर भी एक विशेष फिल्म तैयार कर रहा है। इसमें किले के निर्माण, उससे जुड़ी चुनौतियों और सवाई जय सिंह, सवाई माधो सिंह तथा नाहर सिंह के योगदान को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। आने वाले पर्यटन सीजन से कुछ वैक्स प्रतिमाओं के लिए VR फिल्में भी शुरू की जाएंगी।

शीशमहल में दिखेगा रोशनी का जादू
जयपुर वैक्स म्यूजियम की खास पहचान रॉयल फिगर्स और शीशमहल हैं। शीशमहल में 25 लाख से अधिक कांच के टुकड़ों और ठिकरी कला के साथ शुद्ध सोने का उपयोग किया गया है। अब यहां ऑटोमेटेड लाइटिंग सिस्टम लगाया जा रहा है, जिससे पर्यटक अलग-अलग रोशनी में शीशमहल की भव्यता का अनूठा अनुभव कर सकेंगे। साथ ही म्यूजियम के बाहरी क्षेत्र को भी रंग-बिरंगी एलईडी लाइट्स से सजाया जाएगा।

#NewsExpressRajasthan #JaipurWaxMuseum #InternationalMuseumDay #NahargarhFort #VirtualReality #SheeshMahal #HeritageTourism #RajasthanTourism #IncredibleIndia #MuseumExperience #JaipurDiaries

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!