24 घंटे तैनात रही रेस्क्यू टीम, वन विभाग की सतत निगरानी और ग्रामीणों के सहयोग से सुरक्षित पकड़ा गया तेंदुआ; अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सवाई माधोपुर। डूमोदा और कैलाशपुरी गांव में पिछले दिनों तेंदुए की लगातार गतिविधियों से ग्रामीणों में बनी चिंता के बीच वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग की सतत निगरानी और योजनाबद्ध रेस्क्यू कार्रवाई के बाद तेंदुए को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में चल रहे रेस्क्यू अभियान को भी सफलता मिली है।
तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने और उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग ने डूमोदा, कैलाशपुरी और आसपास के क्षेत्रों में 40 से अधिक कैमरा ट्रैप और केज ट्रैप लगाए थे। इन उपकरणों के जरिए तेंदुए के मूवमेंट की लगातार निगरानी की जा रही थी। क्षेत्र में रेस्क्यू टीम को 24 घंटे तैनात रखा गया था। वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार गश्त करने के साथ तेंदुए की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे।
रेस्क्यू अभियान में सहायक वन संरक्षक (ACF) अजय, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश मीणा और क्षेत्रीय वन अधिकारी राज बहादुर मीणा सहित वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने दिन-रात मेहनत करते हुए तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने में सफलता हासिल की।
इस दौरान उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक, रणथम्भौर टाइगर रिजर्व-I मानस सिंह ने प्रभावित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए आवश्यक सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया। साथ ही मौके पर की जा रही तैयारियों और निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को रेस्क्यू एवं सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद भी विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि नजर आने पर स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें। विभाग के अनुसार आमजन की सुरक्षा के साथ वन्यजीव का सुरक्षित रेस्क्यू सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
#NewsExpressRajasthan #LeopardRescue #SawaiMadhopur #Ranthambore #RajasthanNews #WildlifeRescue
