कैलाशपुरी-डूमोदा में फिर वन्यजीव की दस्तक, स्लॉथ भालू का सुरक्षित रेस्क्यू

लेपर्ड के बाद अब आबादी क्षेत्र में पहुंचा रीछ, वन विभाग की सतर्कता से टला मानव-वन्यजीव संघर्ष; ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील

सवाई माधोपुर। कैलाशपुरी एवं डूमोदा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से आबादी के बीच बार-बार पहुंच रहे स्लॉथ भालू (रीछ) को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। उल्लेखनीय है कि यही क्षेत्र पहले तेंदुए की गतिविधियों के कारण मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर चर्चा में रहा है। ऐसे में भालू की लगातार मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी थी।

भालू की गतिविधि सामने आने के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों की सुरक्षा और वन्यजीव के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र में विशेष निगरानी शुरू की। टीम लगातार भालू की गतिविधियों पर नजर रख रही थी और मौका मिलते ही सुरक्षित रेस्क्यू की कार्रवाई की गई।
उप वन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान वन विभाग की टीम ने विशेष सावधानी बरती, ताकि आमजन को किसी प्रकार का खतरा न हो और भालू को भी नुकसान न पहुंचे। विभाग की सतर्कता और टीम के प्रयासों से भालू को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया गया।

कैलाशपुरी, डूमोदा और आसपास के क्षेत्रों में लगातार वन्यजीवों की गतिविधियां सामने आने के कारण वन विभाग निगरानी बनाए हुए है। विभाग का उद्देश्य मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के साथ वन्यजीवों की सुरक्षित निकासी और संरक्षण सुनिश्चित करना है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि आबादी क्षेत्र में किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके पास न जाएं, उसे घेरने या पकड़ने का प्रयास न करें और भीड़ एकत्र करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें। वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील और सुरक्षित व्यवहार अपनाकर ही इंसान और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

#NewsExpressRajasthan#SlothBearRescue #WildlifeRescue #HumanWildlifeConflict #RajasthanWildlife #WildlifeConservation

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!