जयपुर, अलवर, सवाई माधोपुर एवं डीडवाना-कुचामन में निरीक्षण, 1.74 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वैच्छिक रूप से जमा
जयपुर। राज्य में कर अपवंचना एवं अपात्र इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के मामलों के विरुद्ध वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। विभाग की प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न जिलों में करदाताओं के व्यवसायिक परिसरों का निरीक्षण एवं जांच करते हुए संदिग्ध लेन-देन, अपात्र आईटीसी, बिना वास्तविक आपूर्ति के बिल जारी करने तथा रिटर्न में विसंगतियों से जुड़े मामलों का खुलासा किया है।
अभी हाल ही में हुई कार्रवाई में जयपुर, अलवर, सवाई माधोपुर तथा डीडवाना-कुचामन में किए गए निरीक्षणों में कुल संभावित कर देयता करीब 1.93 करोड़ सामने आई, जबकि संबंधित मामलों में करदाताओं द्वारा 1.74 करोड़ रूपए से अधिक की राशि स्वेच्छा से जमा/रिवर्स की गई है। कई मामलों में दस्तावेज एवं रिकॉर्ड जब्त कर आगे की जांच भी शुरू की गई है।
