शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान, 399 प्रतिष्ठानों की जांच, 802 खाद्य नमूने लिए गए

5,333.50 किलोग्राम/लीटर मिलावटी व अमानक खाद्य सामग्री पर कार्रवाई, 3,463.50 किलोग्राम/लीटर सामग्री नष्ट, 1,870 किलोग्राम/लीटर संदिग्ध सामग्री जब्त

जयपुर। प्रदेश में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए 1 से 5 सितम्बर तक पांच दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रदेशवासियों को शुद्ध, सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता की खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए दूध, मावा, पनीर, घी, मिठाई, मसाले और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह की निगरानी में यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रदेशभर में 399 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और 802 नमूने लिए। इनमें 390 प्रवर्तन नमूने और 412 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। मावा, मिठाई, घी-तेल, दूध और मसालों के नमूने जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं को भेजे गए हैं।

अभियान के दौरान मौके पर खराब, दूषित और अमानक पाई गई 3,463.50 किलोग्राम/लीटर खाद्य सामग्री नष्ट करवाई गई। इसमें 1,215 किलोग्राम मिठाई, 1,151 किलोग्राम अन्य खाद्य सामग्री, 875 किलोग्राम मावा व पनीर, 104.50 किलोग्राम घी, 73 किलोग्राम मसाले और 45 किलोग्राम/लीटर अमानक दूध शामिल है।

इसके अलावा भारी मिलावट की आशंका वाली 1,870 किलोग्राम/लीटर खाद्य सामग्री जब्त कर सील की गई। इसमें 1,449 किलोग्राम संदिग्ध घी और 421 किलोग्राम अन्य खाद्य सामग्री शामिल है। इस तरह अभियान में कुल 5,333.50 किलोग्राम/लीटर खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की गई।

#NewsExpressRajasthan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!