घरेलू पर्यटन बना राजस्थान की सबसे बड़ी ताकत, विदेशी पर्यटकों की पहुंच भी व्यापक

जनवरी से जून 2026 तक 10.92 करोड़ पर्यटक यात्राएं, 10.83 करोड़ घरेलू और 8.44 लाख विदेशी पर्यटक यात्राएं दर्ज

जयपुर। ‘देखो अपना देश’ विजन में घरेलू पर्यटन को दिए जा रहे महत्व और राजस्थान को देश-दुनिया के प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने के विजन के बीच प्रदेश के जनवरी से जून 2026 तक के पर्यटन आंकड़े महत्वपूर्ण तस्वीर सामने आए हैं। पहली छमाही में राजस्थान में कुल 10,92,04,101 पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं। इनमें 10,83,59,405 घरेलू पर्यटक यात्राएं और 8,44,696 विदेशी पर्यटक यात्राएं शामिल हैं।

आंकड़े बताते हैं कि घरेलू पर्यटन राजस्थान के पर्यटन बाजार का मजबूत आधार है, वहीं विदेशी पर्यटकों की पसंद में राज्य के प्रमुख विरासत, सांस्कृतिक, धार्मिक, वन्यजीव और मरु पर्यटन केंद्रों के साथ अलग-अलग अंचलों की पहचान भी सामने आ रही है। संयुक्त निदेशक मार्केटिंग अजय शर्मा के अनुसार, पहली छमाही के आंकड़े राजस्थान की पर्यटन क्षमता की व्यापक तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। घरेलू पर्यटकों की बड़ी संख्या राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में मौजूद विविध पर्यटन अनुभवों की लोकप्रियता को दर्शाती है, जबकि विदेशी पर्यटकों की यात्राएं राजस्थान की अंतरराष्ट्रीय पर्यटन पहचान को मजबूत करती हैं।

सीकर, चित्तौड़गढ़ और जैसलमेर घरेलू पर्यटन में सबसे आगे
जनवरी-जून 2026 में घरेलू पर्यटक यात्राओं के मामले में सीकर 1,56,18,987 यात्राओं के साथ राज्य में पहले स्थान पर रहा। इसके बाद चित्तौड़गढ़ में 1,33,75,121 और जैसलमेर में 1,18,34,038 घरेलू पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं। अजमेर में 99,28,270, जयपुर में 81,49,183, करौली में 64,00,913, सवाई माधोपुर में 61,88,159, सिरोही में 61,13,562, उदयपुर में 47,61,432 और चूरू में 34,08,523 घरेलू पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं।

शर्मा के अनुसार, इन आंकड़ों में राजस्थान के घरेलू पर्यटन की विविधता साफ दिखाई देती है। धार्मिक और आस्था पर्यटन से जुड़े सीकर और करौली, ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध चित्तौड़गढ़, वन्यजीव पर्यटन के लिए सवाई माधोपुर, मरु पर्यटन के लिए जैसलमेर तथा प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन के लिए सिरोही और उदयपुर घरेलू पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं।

जयपुर विदेशी पर्यटक यात्राओं में सबसे आगे
विदेशी पर्यटक यात्राओं में जनवरी-जून 2026 के दौरान जयपुर 2,56,293 यात्राओं के साथ पहले स्थान पर रहा। उदयपुर में 1,84,045, जोधपुर में 82,846 और जैसलमेर में 66,433 विदेशी पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं। इसके बाद सवाई माधोपुर में 38,542, अजमेर में 36,406, दौसा में 36,116, पाली में 28,982, झुंझुनूं में 23,567 और बीकानेर में 22,215 विदेशी पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं।

दौसा और झुंझुनूं की विदेशी पर्यटन में मौजूदगी महत्वपूर्ण
विदेशी पर्यटक यात्राओं में दौसा और झुंझुनूं का शीर्ष दस में शामिल होना भी पहली छमाही के आंकड़ों की महत्वपूर्ण विशेषता है। दौसा जिले में आभानेरी की चांद बावड़ी और हर्षत माता मंदिर प्रमुख पर्यटन आकर्षण हैं। चांद बावड़ी अपनी स्थापत्य विरासत के लिए देश-विदेश में पहचान रखती है। वहीं झुंझुनूं शेखावाटी की हवेलियों, भित्तिचित्रों और समृद्ध स्थापत्य परंपरा के कारण अलग पहचान रखता है।

कोटा-हाड़ौती की अपनी मजबूत पर्यटन पहचान
कोटा-हाड़ौती घरेलू पर्यटन के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शामिल है। कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ को मिलाकर जनवरी-जून 2026 में क्षेत्र में 24 लाख से अधिक पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं।
हाड़ौती में फरवरी सबसे खास महीना रहा। फरवरी में 5,14,132, जनवरी में 4,23,413 और मार्च में 4,11,863 पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं।

मारवाड़ में घरेलू और विदेशी दोनों बाजारों की मजबूत मौजूदगी
मारवाड़ राजस्थान के प्रमुख पर्यटन अंचलों में है, जहां घरेलू और विदेशी दोनों पर्यटक यात्राओं की महत्वपूर्ण मौजूदगी दर्ज हुई। जोधपुर में जनवरी-जून के दौरान 82,846 विदेशी पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं, जबकि पाली में 28,982 विदेशी पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं।

घरेलू पर्यटन में जोधपुर के साथ पाली, बाड़मेर, जालोर, नागौर और बालोतरा की भी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी रही। जनवरी से जून के बीच मारवाड़ में जनवरी सबसे अधिक पर्यटक यात्राओं वाला महीना रहा। शर्मा के अनुसार, जोधपुर की अंतरराष्ट्रीय विरासत पहचान के साथ मारवाड़ के दूसरे जिलों की सांस्कृतिक, ग्रामीण और क्षेत्रीय विरासत पूरे अंचल को राजस्थान के महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्रों में स्थान देती है।

#NewsExpressRajasthan #RajasthanTourism #DekhoApnaDesh #JaipurTourism #IncredibleIndia #RajasthanTravel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!