हवा महल, आमेर किला और जंतर-मंतर की पृष्ठभूमि में फुटबॉल प्रदर्शन, वैश्विक खेल उत्सव के जरिए अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को लुभाने की पहल
जयपुर। दुनिया भर में फीफा विश्व कप फाइनल का उत्साह चरम पर है। इसी वैश्विक माहौल को पर्यटन प्रचार से जोड़ते हुए राजस्थान पर्यटन विभाग ने जयपुर की ऐतिहासिक धरोहरों पर आधारित एक आकर्षक डिजिटल वीडियो जारी किया है। करीब डेढ़ मिनट के इस वीडियो में फुटबॉल के रोमांच के साथ गुलाबी नगरी की शाही विरासत और सांस्कृतिक वैभव को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
वीडियो की शुरुआत जयपुर की गुलाबी गलियों से होती है और फिर हवा महल, आमेर किला तथा यूनेस्को विश्व धरोहर जंतर-मंतर सहित शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचती है। इन ऐतिहासिक स्थलों के बीच फुटबॉल खिलाड़ियों का प्रदर्शन खेल और विरासत का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है। अभियान का उद्देश्य दुनिया को यह संदेश देना है कि राजस्थान केवल ऐतिहासिक धरोहरों का प्रदेश ही नहीं, बल्कि आधुनिक सोच और वैश्विक आयोजनों से जुड़ने वाला जीवंत पर्यटन गंतव्य भी है।

पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़ ने कहा कि फीफा फाइनल जैसे विश्वस्तरीय आयोजन के अवसर पर जयपुर की विरासत को नए और रचनात्मक रूप में प्रस्तुत कर युवा वर्ग तथा विदेशी पर्यटकों को राजस्थान आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान राज्य की सांस्कृतिक पहचान, ऐतिहासिक धरोहर और शाही आतिथ्य को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाते हैं।
पर्यटन विशेषज्ञों के अनुसार, ओलंपिक, फीफा और अन्य अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के साथ पर्यटन ब्रांडिंग को जोड़ना दुनिया भर में सफल रणनीति बन चुका है। यूनेस्को विश्व धरोहर शहर जयपुर को फीफा फाइनल के रोमांच से जोड़ने वाला यह अभियान राजस्थान पर्यटन की वैश्विक ब्रांडिंग को नई मजबूती देगा।
#NewsExpressRajasthan #FIFAFinal2026 #JaipurHeritage #VisitRajasthan #WorldHeritageCity #FootballMeetsCulture
