जयपुर। आईपीएल 2026 के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलक्टर ने स्पष्ट किया कि दर्शकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी। स्टेडियम में दिव्यांगों की पहुंच के लिए रैम्प, अलग शौचालय और सुरक्षित बैठने की व्यवस्था अनिवार्य होगी। मैच के दौरान पेयजल की निःशुल्क उपलब्धता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
चिकित्सा सुविधाओं के तहत एंबुलेंस, प्रशिक्षित मेडिकल टीम और अलग-अलग स्थानों पर मेडिकल कियोस्क स्थापित किए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सघन तलाशी, अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता, भीड़ नियंत्रण और डी-क्यूआरटी टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
साथ ही यातायात प्रबंधन, निर्बाध बिजली आपूर्ति और नियंत्रण कक्ष की स्थापना भी की जाएगी। प्रशासन ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए आईपीएल आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दर्शक-अनुकूल बनाने के निर्देश दिए हैं।
#NewsExpressRajasthan #IPL2026 #Jaipur #Rajasthan #Cricket #MatchDay #StadiumSafety #FanSafety #EventManagement #PublicSafety #HumanRights #RR #RajasthanRoyals #IndiaCricket #SportsEvent #SafeIPL
