राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर ‘FLO कलेक्टिव 2026’ में पहुंचीं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी

कहा स्वदेशी अपनाएं, महिला उद्यमियों और बुनकरों को दें बढ़ावा

जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को आयोजित ‘FLO कलेक्टिव 2026’ प्रदर्शनी में शिरकत की। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस की थीम पर आयोजित इस प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण, स्वदेशी उत्पादों और राजस्थान की समृद्ध हथकरघा एवं हस्तशिल्प परंपरा को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी के दौरान उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और महिला उद्यमियों व कारीगरों से उनके उत्पादों, तकनीकों और कार्यशैली की जानकारी ली। प्रदर्शनी में प्रदर्शित हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पाद सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने कहा कि यहां प्रदर्शित प्रत्येक कलाकृति हमारे कारीगरों के अद्भुत कौशल, मेहनत और समर्पण की कहानी बयां करती है, जो हमारी समृद्ध विरासत को जीवंत बनाए हुए है।

दिया कुमारी ने कहा कि 60 से अधिक महिला-संचालित और उभरते हुए ब्रांड्स का एक मंच पर आना बेहद प्रेरणादायक है। यह इस बात का प्रमाण है कि राजस्थान की हथकरघा और हस्तशिल्प परंपरा सुरक्षित और सक्षम हाथों में है।

उन्होंने कहा कि देश के हस्तशिल्पकारों और बुनकरों को अधिक से अधिक प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए तथा सभी नागरिकों को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी और महिला उद्यमियों को अपने हुनर को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ‘FLO कलेक्टिव 2026’ जैसे आयोजन महिलाओं को आगे बढ़ने, आत्मनिर्भर बनने और अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं।

#NewsExpressRajasthan #NationalHandloomDay #VocalForLocal #WomenEntrepreneurs #HandloomHeritage #MadeInIndia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!