ऐतिहासिक धरोहर की प्राकृतिक सुंदरता बढ़ाने के लिए लगाए गए अशोक, सागवान, नीम, जामुन सहित छायादार और फलदार पौधे
जयपुर। पर्यावरण संरक्षण और ऐतिहासिक धरोहरों को हरित एवं आकर्षक बनाने की दिशा में आमेर महल प्रशासन ने सराहनीय पहल करते हुए तीन दिवसीय पौधारोपण अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न किया। सावन माह के प्रथम सोमवार से शुरू हुआ यह अभियान बुधवार को परियों के बाग और मावठे के किनारे पौधारोपण के साथ संपन्न हुआ।
अभियान के प्रथम दिन जलेब चौक, दूसरे दिन राउण्डिग गेट से नीचे जाने वाली सीढ़ियों के समीप खाली क्षेत्र तथा अंतिम दिन परियों के बाग एवं मावठे के आसपास लगभग 5 से 6 फीट ऊँचाई वाले पौधे लगाए गए। जलेब चौक और राउण्डिग गेट क्षेत्र में अशोक, सागवान, नीम, गुलमोहर, बिल्व पत्र, मोरछली और जामुन जैसे पौधों का रोपण किया गया, जबकि परियों के बाग में फलदार एवं छायादार पौधों को प्राथमिकता दी गई।

महल अधीक्षक डॉ राकेश छोलक ने बताया कि आमेर महल प्रशासन का उद्देश्य परिसर की हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। अभियान में राजकीय कार्मिकों, होमगार्ड जवानों, हाउसकीपिंग स्टाफ और बागवानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। यह पहल आमेर महल की प्राकृतिक सुंदरता को नई पहचान देने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
#NewsExpressRajasthan#AmerFort #PlantationDrive #GoGreenRajasthan #SustainableHeritage #SaveEnvironment
