25 लाख शीशों का शीश महल, राजस्थान के पहले थिएटर की प्रतिकृति और हाड़ी रानी के बलिदान की कहानी; चार खास अनुभवों से रूबरू होंगे पर्यटक
जयपुर। जयपुर के नाहरगढ़ किले में स्थित प्रसिद्ध जयपुर वैक्स म्यूजियम अब नए कलेवर और नए ब्रांड नाम ‘हिस्टोरिका-स्टेप इनटू हिस्ट्री’ के साथ पर्यटकों को इतिहास की रोमांचक दुनिया में ले जाने की तैयारी में है। यहां पर्यटक सिर्फ ऐतिहासिक धरोहरों को देखेंगे नहीं, बल्कि फिल्मों और जीवंत प्रस्तुतियों के जरिए उनके इतिहास, रहस्यों और कहानियों को महसूस भी कर सकेंगे।
म्यूजियम के संस्थापक अनूप श्रीवास्तव के अनुसार, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के सुझाव के बाद पर्यटकों के अनुभव को और बेहतर बनाने की दिशा में यह नई परिकल्पना तैयार की गई है। उनका दावा है कि यह दुनिया का पहला मल्टी-एक्सपीरियंशियल हिस्ट्री म्यूजियम है। करीब 300 साल पुराने नाहरगढ़ किले में स्थित यह म्यूजियम इतिहास और आधुनिक तकनीक का अनूठा मेल पेश करेगा।
चार दुनियाओं में दिखेगा इतिहास का नया रूप
राम प्रकाश टॉकीज: वर्ष 1878-79 में महाराजा सवाई राम सिंह द्वितीय द्वारा बनवाए गए राजस्थान के पहले थिएटर की प्रतिकृति यहां तैयार की गई है। मेगा स्क्रीन पर ‘मिस्ट्री ऑफ नाहरगढ़’ और ‘हाड़ी रानी’ फिल्में दिखाई जाएंगी। नाहरगढ़ के रहस्यों और हाड़ी रानी के बलिदान की कहानी जानने के बाद पर्यटक किले और वैक्स प्रतिमा को नए नजरिए से देख सकेंगे।
शीश महल: 25 लाख से अधिक कांचों से सजा यह महल अपने कांच के फर्श और आकर्षक बनावट से पर्यटकों को अनूठा अनुभव देगा।
द रॉयल दरबार: शाही वैभव और राजदरबार की झलक देखने को मिलेगी।
हॉल ऑफ आइकॉन्स: यहां 45 से अधिक जीवंत मोम की मूर्तियां आकर्षण का केंद्र होंगी।
2016 में हुआ था उद्घाटन
जयपुर वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन दिसंबर 2016 में अभिनेता गोविंदा ने किया था। इसे किसी विरासत स्थल पर स्थापित दुनिया का पहला वैक्स म्यूजियम बताया गया था। म्यूजियम रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक खुला रहेगा।
#NewsExpressRajasthan #Jaipur #NahargarhFort #Historica #RajasthanTourism #TravelReels
