300 ट्रैवल एजेंट्स और 700 से अधिक प्रॉपर्टीज-टूर कंपनियां शामिल, बायर्स-सैलर्स के बीच बी2बी बैठकें जारी
जयपुर। राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (आरडीटीएम) के छठे संस्करण में शुक्रवार को बी.एम. बिड़ला कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय एग्जीबिशन का शुभारंभ हुआ। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रिबन काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर एग्जीबिशन का उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन कर पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़े उत्पादों और नए पर्यटन अनुभवों की जानकारी ली। पूर्व राजपरिवार के सदस्य सवाई पद्मनाभ सिंह ने भी एग्जीबिशन का अवलोकन किया।
इस वर्ष आरडीटीएम की थीम ‘स्टोरीज, जर्नीज, स्माइल्स: वन स्टेट, टू मार्ट्स, एंडलेस अपॉर्चुनिटीज’ रखी गई है। मार्ट में देशभर से करीब 300 ट्रैवल एजेंट्स तथा राजस्थान की 700 से अधिक प्रॉपर्टीज और टूर कंपनियां करीब 160 पवेलियंस में हिस्सा ले रही हैं। एग्जीबिशन में होटल, पैलेस ऑन व्हील्स, कैरावैन, लग्जरी व अनुभव आधारित पर्यटन, तकनीक और सस्टेनेबल टूरिज्म से जुड़े उत्पाद आकर्षण का केंद्र हैं।
पर्यटन सचिव शुचि त्यागी ने कहा कि पर्यटक अब पारंपरिक स्थलों के साथ ऑथेंटिक और अनुभव आधारित यात्राओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। राजस्थान में वेडिंग, ग्रामीण, वाइल्डलाइफ, इको-टूरिज्म, वेलनेस, एडवेंचर, आध्यात्मिक और एमआईसीई पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियार ने कहा कि कम चर्चित पर्यटन स्थलों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए आरडीटीएम को जिलों तक ले जाने की पहल की जा रही है।
मार्ट में रजिस्टर्ड बायर्स और सैलर्स के बीच पूर्व निर्धारित बी2बी बैठकें भी जारी हैं। पहली बार इवेंट्स और वेडिंग इंडस्ट्री को भी मंच दिया गया है।
बॉक्स : मोदी के जन्मदिन पर मिलेट केक काटा
आरडीटीएम के दौरान एफएचटीआर प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाते हुए जोधपुर से मंगवाया गया मिलेट से तैयार विशेष केक काटा। इस पहल के जरिए श्रीअन्न और राजस्थान की मिलेट आधारित खाद्य परंपरा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
#NewsExpressRajasthan #RDTM2026 #RajasthanTourism #TravelIndia #IncredibleRajasthan #JaipurEvents
