19-20 सितंबर को केसरी बाग में सजेगी वेडिंग एवं लाइफस्टाइल एग्जीबिशन, लुप्त होती कला-शिल्प और परंपराओं को मिलेगा मंच
जयपुर। राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, राजपूती परंपराओं, कला, शिल्प और विवाह संस्कारों की खूबसूरती अब एक ही छत के नीचे देखने को मिलेगी। वैशाली नगर स्थित केसरी बाग में 19 और 20 सितंबर को ‘जश्न- वेडिंग एंड लाइफस्टाइल एग्जीबिशन’ का आयोजन होगा। एग्जीबिशन को जश्न की हर्षिका राणावत और चिरिया की कल्पना राणावत क्यूरेट कर रही हैं। आयोजन के पहले दिन सांसद मंजु शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।
लुप्त होती कलाओं को मिलेगा मंच
‘जश्न’ की खासियत राजस्थान की कम चर्चित और विलुप्त होती कला, शिल्प एवं परंपराओं को सामने लाने का प्रयास है। यहां प्रदेश के विभिन्न अंचलों के पारंपरिक रंग, वस्त्र, हस्तशिल्प और कलात्मक अभिव्यक्तियां प्रदर्शित की जाएंगी। साथ ही राजस्थानी दूल्हा-दुल्हन की पारंपरिक वेशभूषा और विवाह से जुड़ी सदियों पुरानी रस्मों, उत्सवों व लोक परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी।
मेवाड़ी खूबसूरती और राजपूती संस्कृति का संगम
आयोजकों के अनुसार, एग्जीबिशन के माध्यम से मेवाड़ी खूबसूरती और राजपूती संस्कृति को आधुनिक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों से आए कारीगर, डिजाइनर और कलाकार यहां अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान संस्कृति, शिल्प, फैशन और वैवाहिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य प्रदेश की पारंपरिक विरासत को नई पीढ़ी और आधुनिक दर्शकों से जोड़ना भी है।
#NewsExpressRajasthan #RajasthanHeritage #JaipurEvents #RoyalWedding #IndianCrafts #WeddingExhibition
