फलोदी टोडरा में दो तेंदुओं का सफल रेस्क्यू, 24 घंटे की निगरानी के बाद वन विभाग को मिली बड़ी कामयाबी

कैमरा ट्रैप, ट्रैकिंग और वैज्ञानिक रणनीति से चला अभियान, स्थानीय लोगों की सुरक्षा रही सर्वोच्च प्राथमिकता

रणथंभौर। रणथम्भौर टाइगर रिजर्व प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई और लगातार 24×7 निगरानी के दम पर फलोदी टोडरा क्षेत्र में घूम रहे दो तेंदुओं का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर बड़ी राहत दिलाई है। पिछले कई दिनों से कस्बे में तेंदुओं की लगातार आवाजाही से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने विशेष निगरानी अभियान शुरू किया और वैज्ञानिक तरीके से रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।

उप वन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि रणथम्भौर टाइगर रिजर्व की टीम ने दिन-रात क्षेत्र में डेरा डालकर तेंदुओं की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। कैमरा ट्रैप, ट्रैकिंग और स्थानीय लोगों से मिली सूचनाओं के आधार पर उनकी लोकेशन का सटीक आकलन किया गया। पूरी सावधानी और सुनियोजित रणनीति के तहत दोनों तेंदुओं को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। वन विभाग की सतर्कता और प्रभावी प्रबंधन के चलते पूरे अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। इस चुनौतीपूर्ण अभियान में सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) अजय, नाका प्रभारी सुमन, जसकरण तथा रणथम्भौर टाइगर रिजर्व की पूरी वन टीम ने उल्लेखनीय साहस, धैर्य और समर्पण का परिचय दिया।

प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद टीम ने लगातार निगरानी और रेस्क्यू अभियान जारी रखा, जिसके परिणामस्वरूप दोनों तेंदुओं को सुरक्षित पकड़ने में सफलता मिली। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली और टीम के प्रयासों की सराहना की।

#NewsExpressRajasthan#LeopardRescue #RanthamboreTigerReserve #WildlifeRescue #ForestDepartment #HumanWildlifeConflict

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!