समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश, ‘राइजिंग राजस्थान’ निवेश समझौतों को तेजी से धरातल पर उतारने पर जोर
जयपुर। राजस्थान को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को सचिवालय में पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग की 15 प्रमुख परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियाड़, उप शासन सचिव अनुपम कायल और अतिरिक्त निदेशक (पर्यटन) आनंद त्रिपाठी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं, विरासत संरक्षण और वैश्विक प्रचार-प्रसार के माध्यम से राजस्थान को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत हुए एमओयू को तेजी से धरातल पर उतारने और अधिक से अधिक ग्राउंड ब्रेकिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में पर्यटन आयुक्त ने राजस्थान पर्यटन के अंतरराष्ट्रीय प्रचार, डिजिटल प्लेटफॉर्म, हेरिटेज संरक्षण और आधारभूत ढांचे से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। इनमें पुष्कर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट, आमेर लाइट एंड साउंड शो, टूरिज्म ऐप, महाराणा प्रताप सर्किट, वॉल्ड सिटी टूरिज्म सेंटर, क्रिएटिव मीडिया कैंपेन, झुंझुनूं वार म्यूजियम, जयपुर-300 वर्ष पहल, आरटीडीसी संपत्तियों के विकास तथा आमेर मास्टर प्लान के विभिन्न चरण शामिल हैं।
इसके अलावा कला एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग की ओर से अल्बर्ट हॉल विकास कार्य और शिल्पग्राम रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट की प्रगति भी प्रस्तुत की गई। उप मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं को राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इनके शीघ्र एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
#NewsExpressRajasthan #RajasthanTourism #DiyaKumari #RisingRajasthan #IncredibleIndia #HeritageTourism #Jaipur #TourismDevelopment #CulturalHeritage #TravelRajasthan #InvestInRajasthan
