डिजिटल अरेस्ट पर लगेगा ब्रेक, सीबीआई का AI चैटबॉट ‘अभय’ बनेगा साइबर सुरक्षा का नया प्रहरी

राजस्थान पुलिस की विशेष एडवाइजरी जारी, 24 घंटे देगा नोटिस सत्यापन और साइबर ठगी से बचाव की सलाह

जयपुर। प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कोर्ट नोटिस और जांच एजेंसियों के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से लोगों को बचाने के लिए राजस्थान पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। साइबर क्राइम शाखा के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वी.के. सिंह ने बताया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा विकसित ‘अभय’ (ABHAY – Artificial Intelligence Based Helpful Assistant for You) नामक अत्याधुनिक एआई चैटबॉट अब आम नागरिकों के लिए डिजिटल सुरक्षा कवच का काम करेगा।

यह चैटबॉट किसी भी संदिग्ध सीबीआई या सरकारी नोटिस की वास्तविकता की तुरंत जांच कर सकता है और यह बताता है कि नोटिस असली है या फर्जी। डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों में घबराए लोगों को यह तत्काल मार्गदर्शन देकर सही कानूनी कदम उठाने में मदद करता है। राजस्थान पुलिस के अनुसार ‘अभय’ की सबसे बड़ी खासियत इसका रीयल-टाइम अपडेट सिस्टम है।

साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों की जानकारी लगातार इसके डेटाबेस में जोड़ी जाती है, जिससे यह नए प्रकार की ठगी को भी पहचान सकता है। इसके अलावा ‘नो-पैनिक गाइडेंस’ फीचर पीड़ितों को शांत रखते हुए चरणबद्ध तरीके से आवश्यक सलाह देता है। चैटबॉट गंभीर मामलों में सीधे राष्ट्रीय साइबर शिकायत पोर्टल तक पहुंचने का मार्ग भी दिखाता है।

24×7 सक्रिय रहने वाला यह सिस्टम आधी रात को भी उतनी ही तेजी से सहायता उपलब्ध कराता है जितना दिन में। विशेष रूप से ग्रामीणों, महिलाओं और बुजुर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस प्लेटफॉर्म में हिंदी, अंग्रेजी सहित कई क्षेत्रीय भाषाओं को समझने की क्षमता है। इससे कम तकनीकी जानकारी रखने वाले लोग भी डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन और फर्जी लोन ऐप जैसे साइबर अपराधों के बारे में आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

राजस्थान पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध नोटिस या साइबर ठगी की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत सत्यापन करें और साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

#NewsExpressRajasthan#ABHAYChatbot #DigitalArrestScam #CyberSafetyIndia #CBIABHAY #CyberCrimeAwareness #StayCyberSafe #AIForSecurity #CyberFraudAlert #DigitalSafety #RajasthanPolice

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!