राजस्थान को वर्षभर पर्यटन हब बनाने की तैयारी, ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान का सुझाव

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पर्यटन स्टेकहोल्डर्स के साथ वीसी बैठक में ऑफ-सीजन टूरिज्म, अननोन डेस्टिनेशंस और घरेलू पर्यटन पर दिया जोर

जयपुर। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में पर्यटन क्षेत्र के स्टेकहोल्डर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्थान को वर्षपर्यंत पर्यटन राज्य के रूप में विकसित करने, ऑफ-सीजन टूरिज्म को बढ़ावा देने और नए पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन विभाग केवल नियामक नहीं, बल्कि होटल और ट्रैवल इंडस्ट्री का फैसिलिटेटर बनकर कार्य कर रहा है। उन्होंने स्टेकहोल्डर्स से नए सुझाव और प्रपोजल देने का आह्वान करते हुए कहा कि अननोन डेस्टिनेशंस और मानसून टूरिज्म को बढ़ावा देना विभाग की प्राथमिकता है।

उन्होंने हॉलीडे इन राजस्थान और विजिट माय स्टेट जैसे विशेष अभियानों का सुझाव देते हुए कहा कि सोशल मीडिया के जरिए इनका राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार किया जाए। साथ ही देशभर में राजस्थान पर्यटन को प्रमोट करने के लिए रोड शो जल्द शुरू किए जाएंगे।

बैठक में बांसवाड़ा, झालावाड़, कोटा और शेखावाटी जैसे क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाओं पर भी जोर दिया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए विभाग तेजी से काम कर रहा है। दिया कुमारी ने बताया कि पर्यटन विभाग की विदेशी ट्रैवल मार्ट्स में भागीदारी लगातार बढ़ाई जा रही है। चीन सहित विभिन्न देशों में आयोजित ट्रैवल मार्ट्स में राजस्थान की संस्कृति, लोक कला और खान-पान को विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।

पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई मॉन्यूमेंट्स और सरकारी पर्यटन स्थलों की टाइमिंग बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है। वहीं जल्द ही राजस्थान पर्यटन का नया मीडिया और सोशल मीडिया कैंपेन लॉन्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्री-कोविड स्तर पर विदेशी पर्यटकों की संख्या वापस लाने के लिए सभी स्टेकहोल्डर्स को मिलकर प्रयास करने होंगे।

#NewsExpressRajasthan #RajasthanTourism #VisitMyState #ExploreRajasthan #OffSeasonTourism #DiyaKumari

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!