स्टोरीज, जर्नी, स्माइल्स थीम पर सजेगा राजस्थान का पर्यटन संसार

कल आमेर फोर्ट में भव्य उद्घाटन, देशभर से 300 ट्रैवल एजेंट्स और राजस्थान की 700 से अधिक प्रॉपर्टीज-टूर कंपनियां लेंगी हिस्सा

जयपुर। राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (आरडीटीएम) के छठे संस्करण का उद्घाटन 17 सितंबर को आमेर फोर्ट स्थित गणेश पोल पर शाम 5.30 बजे होगा। इसके बाद जलेब चौक में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष मार्ट की थीम ‘स्टोरीज, जर्नी, स्माइल्स’ रखी गई है। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास को आमंत्रित किया गया है।

300 खरीदार, 700 से अधिक विक्रेता

फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) की ओर से पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित मार्ट में देशभर से करीब 300 ट्रैवल एजेंट्स और राजस्थान की 700 से अधिक प्रॉपर्टीज व टूर कंपनियां भाग लेंगी। 18 और 19 सितंबर को बी.एम. बिड़ला कन्वेंशन सेंटर में एग्जीबिशन के साथ पूर्व निर्धारित बी2बी बैठकें होंगी। आयोजकों को 21 हजार से अधिक बैठकों की उम्मीद है।

पोलो से लेकर वाइल्डलाइफ तक दिखेगा राजस्थान

मार्ट में वाइल्डलाइफ, वेलनेस, एडवेंचर, रूरल, स्पिरिचुअल और हेरिटेज टूरिज्म के साथ मेलों-त्योहारों, पोलो विरासत और कम प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। पहली बार इवेंट्स एवं वेडिंग इंडस्ट्री को भी मंच मिलेगा। 18 सितंबर को राजस्थान पोलो क्लब में शाम 7 बजे नाइट पोलो का आयोजन होगा।

19 सितंबर को आम पर्यटकों के लिए खुलेगी एग्जीबिशन

मार्ट के अंतिम दिन 19 सितंबर को बी2बी बैठकें जारी रहेंगी, जबकि दोपहर 2 बजे से एग्जीबिशन आम जनता के लिए खोल दी जाएगी। आयोजन में रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म के तहत बावड़ियों के जीर्णोद्धार और पारंपरिक वाद्य यंत्र ‘कमायचा’ की विरासत के संरक्षण जैसी पहल भी शामिल हैं।

#NewsExpressRajasthan #RDTM2026 #RajasthanTourism #TravelIndia #IncredibleRajasthan #JaipurTourism

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!