हनु रोज ने फिल्ममेकर प्रकाश झा से की मुलाकात, शूटिंग, स्थानीय प्रतिभाओं और राजस्थान की लोकेशन्स को ग्लोबल फिल्म मैप से जोड़ने पर हुई चर्चा
जयपुर। राजस्थान की खूबसूरत लोकेशन्स एक बार फिर बड़े पर्दे और वेब सीरीज की दुनिया को आकर्षित कर रही हैं। प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक, निर्माता एवं पटकथा लेखक प्रकाश झा इन दिनों जयपुर में अपनी आगामी वेब सीरीज की शूटिंग कर रहे हैं। ‘गंगाजल’, ‘राजनीति’, ‘सत्याग्रह’ और लोकप्रिय वेब सीरीज ‘आश्रम’ जैसी चर्चित प्रस्तुतियों के लिए पहचान रखने वाले प्रकाश झा की शूटिंग जयपुर के विभिन्न इलाकों में चल रही है।
हनु रोज ने शूटिंग के दौरान की मुलाकात
राजस्थान में फिल्म शूटिंग और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (JIFF) के फाउंडर डायरेक्टर हनु रोज ने शूटिंग के दौरान प्रकाश झा से मुलाकात की। इस दौरान राजस्थान में फिल्मों की शूटिंग की संभावनाओं, स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर देने तथा राज्य की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक लोकेशन्स को फिल्म पर्यटन से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा हुई।
मानसरोवर से कूकस और मालवीय नगर तक शूटिंग
प्रकाश झा की वर्तमान वेब सीरीज की शूटिंग मानसरोवर, कूकस, मालवीय नगर सहित जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों में की जा रही है। फिल्म और वेब सीरीज की शूटिंग से स्थानीय कलाकारों, तकनीकी विशेषज्ञों, होटल, परिवहन और पर्यटन से जुड़े कारोबार को रोजगार एवं आर्थिक अवसर मिलते हैं।
हनु रोज ने कहा कि उनका उद्देश्य राजस्थान को फिल्म शूटिंग, फिल्म फेस्टिवल, फिल्म मार्केट और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा गतिविधियों के जरिए देश-दुनिया के फिल्म मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि राजस्थान जितना हमारा है, उतना ही देश के हर फिल्मकार का भी है। बेहतर शूटिंग माहौल और सहयोग के जरिए राजस्थान में फिल्म पर्यटन और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी जा सकती है।
#NewsExpressRajasthan #RajasthanFilmTourism #PrakashJha #Jaipur #FilmShooting #JIFF
