जयपुर। आमजन की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर राजस्थान सरकार लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में पर्यटन विभाग तथा कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर विभागीय प्रकरणों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान शासन सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में जवाबदेही और नियमित मॉनिटरिंग बेहद जरूरी है, ताकि परिवादियों को शीघ्र राहत मिल सके।
बैठक में पर्यटन विभाग, देवस्थान विभाग, कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग, राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC), जवाहर कला केन्द्र तथा आमेर विकास एवं प्रबंधन प्राधिकरण से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित मामलों के शीघ्र समाधान और प्रभावी फॉलोअप के निर्देश भी दिए गए।
शासन सचिव ने परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। जयपुर निवासी महेश अग्रवाल एवं पुराण सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना में आवेदन स्वीकार नहीं होने की समस्या बताई। इस पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही दोनों परिवादियों को दूरभाष के माध्यम से सूचित किया जाए।
संपर्क पोर्टल के अनुसार अधिकांश प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर विभागीय सचिवों द्वारा सीधे संवाद की यह व्यवस्था आमजन को त्वरित राहत दिलाने में प्रभावी साबित हो रही है।
#NewsExpressRajasthan #RajasthanSampark #ShuchiTyagi #JaipurNews #GoodGovernance #CitizenFirst #TourismDepartment #RTDC #PublicService #Helpline181 #RajasthanUpdates
