एस्ट्रो टूरिज्म, डेजर्ट एडवेंचर, एआई आधारित टूरिज्म ऐप और जयपुर-300 वर्ष उत्सव सहित कई महत्वाकांक्षी योजनाओं पर हुई चर्चा
जयपुर। राजस्थान को विश्व पर्यटन मानचित्र पर नंबर वन पर्यटन गंतव्य बनाने के लक्ष्य के साथ उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को समयबद्ध और नवाचार आधारित कार्य करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को पर्यटन भवन में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने राज्य की प्रमुख पर्यटन परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, पर्यटन सचिव शुचि त्यागी, पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियाड़ सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने पुष्कर कॉरिडोर, महाराणा प्रताप सर्किट, वॉर म्यूज़ियम झुंझुनूं और आमेर मास्टर प्लान जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
दिया कुमारी ने राजस्थान पर्यटन की व्यापक ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने देश-विदेश में रोड शो आयोजित कर राजस्थान पर्यटन के प्रचार-प्रसार को और मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई। बैठक में एस्ट्रो टूरिज्म को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई।
एजेंसी रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान का स्वच्छ आकाश और न्यूनतम प्रकाश प्रदूषण इसे विश्वस्तरीय स्टारगेजिंग डेस्टिनेशन बनाने की क्षमता रखते हैं। जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर को स्टारगेजिंग हब के रूप में विकसित करने तथा पश्चिमी राजस्थान के क्षेत्रों को डार्क स्काई रिजर्व घोषित करने पर विचार किया गया। वहीं माउंट आबू में ऑब्जरवेटरी टूरिज्म विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा विजिट राजस्थान इन समर्स अभियान, जैसलमेर-बाड़मेर को दुबई की तर्ज पर वर्ल्ड क्लास डेजर्ट एडवेंचर हब बनाने, एआई आधारित टूरिज्म ऐप विकसित करने, उदयपुर में वेडिंग प्रमोशन इवेंट और घूमर फेस्टिवल आयोजित करने जैसी योजनाओं पर भी मंथन हुआ।
बैठक में 18 नवंबर 2027 को जयपुर स्थापना के 300 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वर्षभर उत्सव मनाने की रूपरेखा तैयार करने, शेखावाटी हवेलियों और जयपुर वॉल सिटी के सौंदर्यीकरण तथा राजसमंद, माउंट आबू, उदयपुर, जवाई और कुंभलगढ़ को “पिक योर समर एस्केप” थीम के तहत पर्यटन स्थलों के रूप में प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा की गई।
#RajasthanTourism #VisitRajasthan #IncredibleIndia #AstroTourism #DesertAdventure #TravelRajasthan #Jaipur300 #WeddingTourism #ExploreIndia #TourismNews
