छोटी काशी में अन्नकूट महोत्सव की धूम, ठाकुरजी को 1100 से अधिक व्यंजनों का भोग

गोवर्धन पूजा पर मंदिरों में सजी आकर्षक झांकियां, नवीन अन्न से तैयार पकवानों से महका भक्ति का माहौल; गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर श्रद्धालुओं ने की परिक्रमा

जयपुर। छोटी काशी जयपुर में मंगलवार को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख मंदिरों में ठाकुरजी को नवीन अन्न से तैयार विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया गया। मंदिरों और घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गोवर्धन महाराज की परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

गोविंददेवजी मंदिर में छप्पन भोग की झांकी

ठिकाना मंदिर श्री गोविंददेवजी में गोवर्धन पूजन पर्व विशेष उत्साह से मनाया गया। यहां गोबर से गोवर्धन पर्वत की झांकी बनाकर पंचामृत से अभिषेक किया गया। गोवर्धन महाराज और ठाकुरजी को नवीन अन्न से तैयार पकवानों का भोग लगाया गया। छप्पन भोग की आकर्षक झांकी सजाई गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गिर्राज धरण के जयकारे लगाए। बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे।

गणेश और हनुमान मंदिरों में भी आयोजन

मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में महंत कैलाश शर्मा के सानिध्य में पूजा-अर्चना कर नवीन अन्न का भोग लगाया गया और प्रसादी वितरित की गई। चांदी की टकसाल स्थित काले हनुमानजी मंदिर में महंत गोपालदास महाराज के सानिध्य में अन्नकूट महोत्सव हुआ। वहीं चांदपोल बाजार के प्राचीन परकोटा गणेश मंदिर में भगवान गणेश का गंगाजल और पंचामृत से अभिषेक कर विशेष शृंगार किया गया। भगवान को मूंग, मोठ, बाजरा, पूरी, गड़मड़ सब्जी सहित विभिन्न व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।

अक्षरधाम में 1100 से अधिक व्यंजनों की झांकी

वैशाली नगर स्थित श्री स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में अन्नकूट महोत्सव का विशेष आकर्षण 1100 से अधिक प्रकार के सात्विक व्यंजन रहे। राजस्थानी, गुजराती, दक्षिण भारतीय और उत्तर भारतीय पकवानों के साथ देश-विदेश के व्यंजनों की भव्य झांकी सजाई गई। संतों और भक्तों ने गोवर्धन पूजा कर मुख्य आरती की तथा विश्वशांति और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। बाल मंडल की ओर से व्यसन मुक्ति प्रदर्शनी लगाई गई। वहीं बच्चों को खेल-खेल में संस्कारों की सीख देने के लिए केशव गेम जोन भी बनाया गया।

#NewsExpressRajasthan #GovardhanPuja #AnnakutMahotsav #JaipurDiaries #JaipurTemples #DiwaliCelebration

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!