राजस्थान में पहली बार होगा ‘विदेश संपर्क–स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस’, सुरक्षित प्रवासन और निवेश पर होगा मंथन

16 जुलाई को आरआईसी में आयोजन, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने तैयारियों की समीक्षा कर विभागों को दिए समन्वय के निर्देश

जयपुर। राजस्थान में पहली बार 16 जुलाई को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में ‘विदेश संपर्क–स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस’ का आयोजन किया जाएगा। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार और राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह सम्मेलन सुरक्षित एवं वैध प्रवासन, प्रवासी राजस्थानियों से जुड़ाव, निवेश, कौशल विकास और पर्यटन संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहेगा।

सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बुधवार को सचिवालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने आयोजन की रूपरेखा, विभिन्न सत्रों, अतिथि प्रबंधन, सुरक्षा, मीडिया समन्वय, लॉजिस्टिक्स और विभागवार जिम्मेदारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

सम्मेलन की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय की सचिव (सीपीवी एवं ओआईए) श्रीप्रिया रंगनाथन और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास करेंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और वैध प्रवासन के प्रति जागरूक करना, फर्जी एजेंटों एवं अवैध प्रवासन के तरीकों से बचाव की जानकारी देना तथा विदेश मंत्रालय की कांसुलर, पासपोर्ट, वीजा और प्रवासी भारतीयों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।

इसके अलावा विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों एवं श्रमिकों के हितों और कल्याण, प्रवासी राजस्थानियों की सहभागिता, राज्य में निवेश के अवसर, उद्योग, कौशल विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा होगी। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई जिलों के जिला कलक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

#NewsExpressRajasthan #Rajasthan #StateOutreachConference #SafeMigration #DiasporaEngagement #InvestInRajasthan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!