ट्रंक कॉल से मोबाइल बुकिंग तक… 44 साल में बदल गया जयपुर का पर्यटन, लेकिन कायम है गुलाबी नगर की मेहमाननवाजी : संजय कौशिक

1982 से पर्यटन क्षेत्र से जुड़े पर्यटन विशेषज्ञ संजय कौशिक ने साझा किए अनुभव, बोले- तकनीक ने पर्यटन को तेज और सुविधाजनक बनाया, लेकिन पहले जैसी आत्मीयता और अपनापन आज कम महसूस होता है

जयपुर। गुलाबी नगर जयपुर 18 नवंबर को अपने स्थापना के 299 वर्ष पूरे कर 300वें वर्ष में प्रवेश करेगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर शहर के बदलते स्वरूप के साथ पर्यटन क्षेत्र में आए बदलावों को भी याद किया जा रहा है। वर्ष 1982 से जयपुर के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े पर्यटन विशेषज्ञ संजय कौशिक के लिए यह सफर किसी यादों के पन्ने पलटने जैसा है। उनके अनुसार, बीते चार दशकों में जयपुर के पर्यटन ने ट्रंक कॉल के दौर से लेकर मोबाइल और ऑनलाइन बुकिंग तक का लंबा सफर तय किया है।

संजय कौशिक बताते हैं कि माणक चौक स्कूल में पढ़ाई के दौरान बड़ी चौपड़ और हवामहल के आसपास विदेशी पर्यटकों को देखकर मन में उनसे बातचीत करने और यादगार के तौर पर विदेशी पेन या सिक्का पाने की उत्सुकता रहती थी। उस समय पेन फ्रेंडशिप का दौर था, जब सात समंदर पार के लोगों से चिट्ठियों के जरिए दोस्ती होती थी।

वर्ष 1982 में पर्यटन क्षेत्र से जुड़ने के समय सुविधाएं बेहद सीमित थीं। होटल गिनती के थे, गाइड कम थे और परिवहन के साधन भी सीमित थे। होटल की बुकिंग या पुष्टि के लिए ट्रंक कॉल बुक करानी पड़ती थी और घंटों फोन कनेक्ट होने का इंतजार करना पड़ता था। संचार की धीमी रफ्तार के बावजूद पर्यटक और मेजबान के बीच आत्मीयता का रिश्ता बनता था।

कौशिक का कहना है कि आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। मोबाइल फोन, इंटरनेट और ऑनलाइन बुकिंग ने पर्यटन को तेज और सुविधाजनक बना दिया है। लग्जरी होटल, आधुनिक वाहन और विश्वस्तरीय सुविधाओं ने जयपुर को पर्यटन के नए दौर से जोड़ा है। हालांकि, इस व्यावसायिक बदलाव के बीच पहले जैसी आत्मीयता और सुकून कुछ पीछे छूटता नजर आता है।

इसके बावजूद जयपुर की ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य कला, परकोटे की गलियां, पारंपरिक खानपान, तीज-त्योहार और यहां के लोगों की मेहमाननवाजी आज भी पर्यटकों को आकर्षित करती है।

जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर संजय कौशिक का मानना है कि 300वें वर्ष में प्रवेश के साथ शहर आधुनिक पर्यटन की नई ऊंचाइयां छुए, लेकिन अपनी विरासत, तहजीब और मेहमाननवाजी की पहचान हमेशा बरकरार रखे।

#NewsExpressRajasthan #JaipurFoundationDay #PinkCityJaipur #JaipurTourism #IncredibleIndia #JaipurHeritage

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!