आरडीटीएम का समापन, 21 हजार से अधिक बी2बी बैठकों से बने कारोबारी संपर्क

आखिरी दिन आमजन ने भी लिया एग्जीबिशन का अनुभव, राजस्थान के पर्यटन उत्पादों और नए अनुभवों की जानकारी ली

जयपुर। राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (आरडीटीएम) के छठे संस्करण का शनिवार को समापन हुआ। दो दिवसीय मार्ट में देशभर से आए करीब 300 ट्रैवल एजेंट्स और राजस्थान की 700 से अधिक प्रॉपर्टीज व टूर कंपनियों के बीच 21 हजार से अधिक पूर्व निर्धारित बी2बी बैठकें हुईं। इन बैठकों में राजस्थान के पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और अनुभव आधारित पर्यटन उत्पादों को लेकर कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा हुई।

आमजन ने भी जानी राजस्थान की पर्यटन संभावनाएं
आखिरी दिन दोपहर 2 बजे बाद एग्जीबिशन आमजन के लिए खोली गई। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विभिन्न स्टॉल्स पर राजस्थान के पर्यटन स्थलों, होटल्स, पर्यटन सेवाओं और नए अनुभवों की जानकारी ली। कम प्रसिद्ध पर्यटन क्षेत्रों की कला, संस्कृति, विरासत और खान-पान भी आकर्षण का केंद्र रहे।

राजस्थान टूरिज्म का पवेलियन रहा खास आकर्षण
मार्ट में राजस्थान टूरिज्म के पवेलियन में प्रदेश की संस्कृति, विरासत, स्थापत्य, खान-पान और परंपराओं को प्रदर्शित किया गया। एक्सपीरिएंशियल और रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म पर विशेष जोर रहा। ग्रामीण परिवारों के साथ ठहरने, स्थानीय व्यंजन सीखने, साइक्लिंग टूर और स्थानीय समुदायों से जुड़ने जैसे अनुभवों को प्रदर्शित किया गया। बावड़ियों के संरक्षण और मंगणियार समुदाय के पारंपरिक वाद्य कमायचा की विरासत भी दर्शाई गई।

अब जोधपुर में सजेगा मारवाड़ ट्रैवल मार्ट
आरडीटीएम के समापन के साथ अब 20 सितंबर से जोधपुर में मारवाड़ ट्रैवल मार्ट (एमटीएम) के पहले संस्करण का आगाज होगा। इसमें मारवाड़ के साथ थार डेजर्ट क्षेत्र के पर्यटन उत्पादों और संभावनाओं को प्रमुखता से प्रमोट किया जाएगा। आरडीटीएम का आयोजन एफएचटीआर ने राजस्थान पर्यटन विभाग के सहयोग से किया।

#NewsExpressRajasthan #RajasthanTourism #RDTM2026 #TravelTrade #JaipurTourism #MarwarTravelMart

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!