35 देशों के धावकों के साथ अलवर बनेगा पर्यावरण संरक्षण और फिट इंडिया का वैश्विक मंच
अलवर। बाघ संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और पर्यटन संवर्धन के संदेश को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से अलवर टाइगर इंटरनेशनल हॉफ मैराथन (एटीएम-2026) का आयोजन आगामी 8 फरवरी को किया जाएगा। यह मैराथन न केवल एक खेल आयोजन है, बल्कि प्रकृति, वन्यजीव और जिम्मेदार पर्यटन के प्रति जनभागीदारी को मजबूत करने की एक सशक्त पहल भी है।
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के ब्रांड एंबेसडर बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता रणदीप हुड्डा होंगे, जो स्वयं अलवर पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएंगे। मैराथन में केन्या, दक्षिण अफ्रीका, मोरक्को, बहरीन, तंज़ानिया और इथियोपिया सहित 35 देशों के अंतरराष्ट्रीय धावक भाग लेंगे। इनके साथ देशभर से लगभग 18 हजार धावक अलवर की सड़कों पर दौड़ते नजर आएंगे। खास बात यह है कि इसमें करीब 400 दिव्यांगजन भी सहभागिता करेंगे, जिससे यह आयोजन सामाजिक समावेशन का उदाहरण बनेगा।
आयोजन के दौरान केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। भूपेंद्र यादव ने कहा कि यह मैराथन खेल के माध्यम से युवाओं को प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। वहीं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इसे स्वस्थ समाज, सुरक्षित पर्यावरण और सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
फिट इंडिया विज़न के अनुरूप आयोजित इस मैराथन में 21 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी रन, 5 किमी शक्ति रन और 2 किमी पैरा रन शामिल हैं। सरिस्का टाइगर रिज़र्व, अरावली की प्राकृतिक विरासत और अलवर की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करते हुए यह आयोजन अलवर को इको-टूरिज्म, वाइल्डलाइफ और स्पोर्ट्स टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा
#NewsExpressRajasthan #AlwarTigerMarathon #ATM2026 #RunForTigers #SaveWildlife #FitIndiaMovement #EcoTourism #SariskaTigerReserve #RunForNature #GreenFuture #SportsTourism
