प्रदेश के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की नई पहल

जयपुरिया मॉडल पर क्यू मैनेजमेंट सिस्टम और हेल्प डेस्क होंगे लागू

जयपुर। प्रदेश में मरीजों को त्वरित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब राज्य के सभी बड़े अस्पतालों में जयपुरिया अस्पताल की तर्ज पर क्यू मैनेजमेंट सिस्टम और हेल्प डेस्क व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे मरीजों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी और उन्हें एक काउंटर से दूसरे काउंटर पर भटकना नहीं पड़ेगा। हेल्प डेस्क के माध्यम से मरीजों को संवेदनशीलता के साथ तुरंत सहायता और जानकारी उपलब्ध होगी।

शुक्रवार को चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने जयपुरिया अस्पताल का औचक निरीक्षण कर इन नवाचारों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सफाई व्यवस्था, क्यू मैनेजमेंट सिस्टम और हेल्प डेस्क संचालन पर संतोष व्यक्त किया तथा निर्देश दिए कि इसी मॉडल को राज्य के सभी बड़े अस्पतालों में लागू किया जाए।

एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन और उन्नत सुविधाओं पर जोर
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि सभी बड़े अस्पतालों को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) को पूरा करते हुए प्रमाण पत्र हासिल करना चाहिए। मरीजों की राय जानने के लिए सुझाव बॉक्स और क्यूआर कोड आधारित फीडबैक सिस्टम भी लागू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जयपुरिया अस्पताल में न्यूरो और कार्डियक सुविधाओं को मजबूत करने की योजना पर जोर दिया गया, जिससे एसएमएस अस्पताल का भार कम हो सके।

अस्पताल के अधीक्षक डॉ. महेश मंगल ने बताया कि अस्पताल के लगभग हर विभाग में हेल्प डेस्क स्थापित की जा रही हैं, जो जनसहयोग से संचालित होंगी और मरीजों को उपयुक्त जानकारी व मार्गदर्शन तुरंत उपलब्ध कराएगी।

#NewsExpressRajasthan #HealthReform #QueueManagement #PatientCare #JaipurHealthModel #SmartHospitals #NQAS #HealthcareInnovation

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!