ब्रह्मपुरी में नकली घी का भंडाफोड़

‘शुद्ध आहार – मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

जयपुर। राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार – मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार देर रात जयपुर के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरस और कृष्णा ब्रांड के लेबल लगे नकली घी का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत के मार्गदर्शन में की गई।

टीम ने ब्रह्मपुरी शंकर नगर और रामगढ़ मोड़ स्थित प्रतिष्ठानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में संदिग्ध घी बरामद किया। मौके पर सरस घी के प्रतिनिधि गजेंद्र सिंह पहुंचे और उत्पाद को नकली बताया। उन्होंने तुरंत ब्रह्मपुरी थाना में एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया। वहीं, कृष्णा घी के प्रतिनिधि कमल टांक ने भी व्हाट्सएप के माध्यम से उत्पाद के नकली होने की पुष्टि की।

टीम ने मौके से 200 एमएल के 40, 500 एमएल के 6 और 1 लीटर के 3 कार्टन नकली घी जब्त किए। सभी सैंपल FSS एक्ट के तहत जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। यह कार्रवाई शनिवार देर रात 1 बजे तक चली।

टीम में विनोद शर्मा, नरेंद्र शर्मा, वीरेंद्र सिंह, पवन गुप्ता, विशाल मित्तल और नरेश चेजारा शामिल रहे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने कहा कि मिलावटखोरी करने वालों पर अब कोई रियायत नहीं। आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री मिले, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

#NewsExpressRajasthan #PureFoodMission #StopAdulteration #FoodSafetyRajasthan #SarasGhee #KrishnaGhee #JaipurNews #FoodRaid #SafeFoodForAll #ShuddhAahar #AdulterationFreeIndia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!