जयपुर। केंद्र सरकार ने 23 राज्यों में पर्यटक स्थलों के विकास के लिए 3295 करोड़ रुपए की कुल लागत वाली 40 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसके अंतर्गत जयपुर में जल महल का विकास परियोजना का उद्देश्य मौजूदा पर्यटन शैली के अनुरूप इसका सुदृढ़ीकरण और विकास करना है। इसके तहत नए युग की अपेक्षाओं के अनुरूप इसे साकार करते हुए सांस्कृतिक विरासत के साथ जोड़ने का लक्ष्य भी है।
96.61 करोड़ रुपए लागत की इस परियोजना के प्रमुख अंगों में मान सागर वातन, प्रोमेनेड विकास, नेचर ट्रेल, लैंडस्केपिंग, शिल्प-व्यंजन-उत्सव नाइट बाजार, ‘घूमरो’ सिंक्रोनाइज्ड वॉटर बैले शो, रिज वॉक और गढ़ गणेश से बलदेव परशुराम मंदिर तक स्काईवॉक शामिल हैं। इस परियोजना से 8000 रोज़गारों का सृजन होगा। इसके साथ ही 250 करोड़ रुपए लागत की 3 पीपीपी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें में गैटोर की छतरियों से नाहरगढ़ तक फनिक्युलर विकास, आमेर से नाहरगढ़ तक केबल कार और जल महल मनोरंजक क्षेत्र शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि जयपुर में मान सागर झील के बीच में स्थित जल महल या वॉटर पैलेस का वास्तुशिल्प विलक्षण है। 18वीं शताब्दी में निर्मित यह संरचना मुगल और राजपूत स्थापत्य शैली का एक बेहतरीन उदाहरण है। महल में पांच मंजिलें हैं जिनमें से चार मंजिलें झील में डूबी हुई हैं जो झील में महल का प्रतिबिंब बनाती हैं।