विश्व पर्यटन दिवस पर जयपुर में जुटेंगे कंटेंट क्रिएटर्स, कलाकार, युवा और पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधि; राजस्थान की विरासत, संस्कृति और पर्यटन को ग्लोबल ऑडियंस तक पहुंचाने पर होगा मंथन
जयपुर। राजस्थान की पर्यटन पहचान अब केवल किलों, महलों और स्मारकों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि क्रिएटिव कंटेंट, कला, संस्कृति और तकनीक के जरिए प्रदेश को दुनिया के सामने नए अंदाज में पेश करने की तैयारी है। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 27 सितंबर को जयपुर में ‘Rajasthan Tourism Creator Summit 2026’ का आयोजन किया जाएगा। ‘Create Rajasthan’ थीम पर होने वाले इस समिट में कंटेंट क्रिएटर्स, पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग, कलाकार, सांस्कृतिक संस्थान, विद्यार्थी और विशेष आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे।
युवाओं से जानेंगे कैसा राजस्थान देखना चाहती है नई पीढ़ी
समिट का आयोजन सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक आरआईसी (Rajasthan International Centre) के एग्जीबिशन हॉल-1 एवं 2 में होगा। इसमें राजस्थान पर्यटन के भविष्य और प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया की ऑडियंस तक पहुंचाने के नए तरीकों पर चर्चा होगी। खास तौर पर युवाओं से यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि आने वाली पीढ़ी राजस्थान को किस तरह देखना और अनुभव करना चाहती है।
क्रिएटर्स और पर्यटन उद्योग के बीच बनेगा नेटवर्क
कार्यक्रम में क्रिएटर्स और पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों के बीच नेटवर्किंग का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही कला, संस्कृति, विरासत और तकनीक से जुड़ी प्रदर्शनियां, इंटरैक्टिव क्रिएटिव एक्सपीरियंस तथा पर्यटन क्षेत्र से जुड़े क्रिएटर्स और हितधारकों का सम्मान भी प्रस्तावित है। प्रतिभागी विशेषज्ञों और क्रिएटर्स के साथ संवाद कर अपने अनुभव साझा कर सकेंगे।
कैमरे और कंटेंट से दुनिया तक पहुंचेगी राजस्थान की कहानी
समिट में क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स, पर्यटन व हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री, कलाकार एवं सांस्कृतिक संस्थान, विद्यार्थी और आम दर्शक भाग ले सकेंगे। इसका प्रमुख उद्देश्य सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की ताकत का इस्तेमाल करते हुए राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान, विरासत, लोक कला, पर्यटन स्थलों और अनुभवों को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाना है।
खास बात: ‘Create Rajasthan’ के जरिए पर्यटन को पारंपरिक विरासत और स्मारकों से आगे ले जाकर कंटेंट, क्रिएटिविटी, कला, संस्कृति, तकनीक और युवाओं की भागीदारी से जोड़ने पर जोर रहेगा।
