आसमान में आतिशबाजी की रंगीन छटा, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजे दशहरा मैदान

विद्याधर नगर स्टेडियम में भी किया गया 121 फीट के रावण का दहन

जयपुर। विजयादशमी पर मंगलवार को राजधानी जयपुर में बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा धूमधाम से मनाया गया। शाम होते ही दशहरा मैदानों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिवार सहित पहुंचे लोगों ने भगवान श्रीराम के जयकारों और रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच रावण दहन का नजारा देखा। पुतलों के धू-धू कर जलने के साथ आसमान रोशनी से जगमगा उठा।

आदर्श नगर में 105 फीट का रावण, 90 फीट का कुंभकर्ण भी जला

आदर्श नगर दशहरा मैदान में श्री राम मंदिर प्रन्यास एवं श्री सनातन धर्म सभा की ओर से दशहरा महोत्सव आयोजित किया गया। यहां 105 फीट ऊंचे रावण और 90 फीट ऊंचे कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। भगवान श्रीराम के स्वरूप ने अग्निबाण चलाया तो पूरा मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।

राम मंदिर से निकली शोभायात्रा

रावण दहन से पहले श्री राम मंदिर से भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ लवाजमे सहित शोभायात्रा निकाली गई। यह पंचवटी सर्किल, राजापार्क चौराहा, ध्रुव मार्ग, लक्ष्मी नारायण मंदिर, 20 दुकान, बर्फखाना और पुलिया नंबर एक सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए दशहरा मैदान पहुंची। रास्ते में व्यापार मंडलों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।

विद्याधर नगर में सबसे ऊंचा 121 फीट का रावण

विद्याधर नगर स्टेडियम में 121 फीट ऊंचे रावण का दहन आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी भी मौजूद रहीं। प्रताप नगर में 105 फीट ऊंचे रावण का पुतला जलाया गया। वहीं मानसरोवर, सांगानेर, शास्त्री नगर और न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान में भी रावण दहन हुआ। विभिन्न स्थानों पर मेले, खानपान की स्टॉलों और मनोरंजन के इंतजामों ने उत्सव का उल्लास बढ़ाया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस पर्व को उत्साह के साथ मनाया।

#NewsExpressRajasthan #Dussehra2026 #JaipurDussehra #RavanDahan #Vijayadashami #JaipurDiaries

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!